Today Breaking News

गठबंधन में खींचतान! भाजपा के कार्यक्रम के समानांतर भासपा की जनसभा ‌

बाराचवर। भाजपा और भासपा गठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कम से कम जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र में तो यही स्थिति है। दोनों दलों के लोग गठबंधन धर्म निभाने के बजाए एक दूसरे को नीचे करने पर आमादा हैं। शुक्रवार को दोनों दलों ने अलग-अलग कार्यक्रम कर अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की। भाजपा का लट्ठूडीह में जय बजरंग आईटीआई कैंपस में पं.दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के तहत कार्यक्रम कई दिन पहले से तय था। 

उसमें प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर आमंत्रित थे लेकिन दो दिन पहले भासपा भी बाराचवर में अति पिछड़ा सम्मेलन तय कर दी। राजनीतिक हलके में चर्चा है कि भासपा जानबूझ कर भाजपा के कार्यक्रम के समानांतर जनसभा तय की। हैरानी नहीं कि भाजपा के कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के स्वजातीय मंत्री के लिए राजभर बिरादरी को रोकने के लिए ही भासपा ऐसा की। भाजपा के कार्यक्रम में ‘दीन- दुखियों का हो सम्मान-गरीब किसान का हो उत्थान विषयक गोष्टी’ हुई। उसमें मुख्य अतिथ मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब लोगों को आरक्षण देने के लिए एक नया कानून बनाने जा रहे हैं। उससे गरीब का बच्चा भी अब शिक्षा के क्षेत्र में आगे जाकर अपना नाम करेगा। 

महाराजा सुहलदेव के सपुतों को प्रदेश सरकार की समाजिक न्याय की परिकल्लपना साकार होने जा रही है। उसमें हर गरीब को उसका हक मिलेगा। किसानों की समस्याओं की चर्चा करते हुए श्री राजभर ने कहा कि हर किसान को उसकी फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए उनकी सरकार काम कर रही है। पारंपरिक खेती से हट कर सरकार नकदी फसल के लिए किसानों को प्रशीक्षण देने का काम कर रही है। गोष्ठी में पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा वाराणसी के पालक जितेंद्र नाथ पांडेय का जहूराबाद क्षेत्र में सहयोगी पार्टी भासपा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का दर्द उठाया। कहे कि भासपा के लोग भाजपा कार्यकर्ताओं की घोर उपेक्षा कर रहे हैं। तहसील सहित क्षेत्र के थानों, ब्लाकों में वह बेजा दबाव बना कर अपना स्वार्थ साध रहे हैं। गठबंधन धर्म की उन्हें कोई परवाह नहीं है। 

गोष्ठी से पहले पार्टी के महापुरुष श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण हुआ। गोष्ठी में नरेंद्र सिंह, कृष्णा नंद राय, डॉ.अशोक राय, अभिषेक राय, टूनटून सिह, नथुनी सिह, राजेश राय, धीरज तिवारी, नर्वदेश्वर राय, धनंजय चौबे, श्याम राज तिवारी, धर्मेंद्र राय, राजेंद्र राय, संजय राय, कृपाशंकर दास, वासुदेव पांडेय, देवेंद्र सिंह आदि ने भी विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता मुराहु राजभर  तथा संचालन मंडल अध्यक्ष संपूर्णानंद उपाध्याय ने किया। अंत में आयोजक हिमांशु राय ने आभार जताया। उधर भासपा का  बाराचवर चट्टी स्थित बागीचे में आयोजित जनसभा में राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर ने पूर्व डीएम संजय कुमार खत्री की चर्चा करते हुए कहा कि वह भासपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा किए। भासपा के लोग उनको हटाने की मांग की। उस पर प्रदेश सरकार चुप रही लेकिन जब भासपा के कार्यकर्ताओं ने डीएम को हटाने की मांग को लेकर धरना का ऐलान किया तो प्रदेश सरकार को झुकना पड़ा। 

गाजीपुर डीएम पद से संजय खत्री हटाए गए। वह रायबरेली के डीएम बने हैं लेकिन वहां भी भासपा के लोगों के प्रति उनका रवैया यही रहा तो उन्हें रायबरेली भी छोड़ना पड़ेगा। भासपा नेता ने कहा कि समाज के प्रत्येक गरीब को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना भाजपा- भासपा गठबंधन की सरकार का मुख्य उद्देश्य है। उनकी पार्टी समाज की मुख्यधारा से वंचित, शोषित गरीबों को न्याय दिलाने का काम कर रही है। 

उनके उत्थान में जुटी है। प्रदेश में भाजपा-भासपा गठबंधन की ताकत से विरोधी पार्टियों में बेचैनी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा व बसपा का खाता नहीं खुलेगा। जनसभा को शक्ति सिंह, हिर्दय नारायण राजभर, डॉ. जयनाथ राजभर, जयलाल राजभर, सालिक यादव, अमरनाथ पासवान, हीरा यादव, अवधेश राजभर, जितेंद्र पांडेय, मुरली सिंह आदि ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता छोटेलाल राजभर तथा संचालन जिलाध्यक्ष मेजर रामजी राजभर ने किया।
'