Today Breaking News

मुख्तार के करीबी ठेकेदार ने निर्वतमान चेयरमैन पर दागी गोली, पुलिस कप्तान को दी गई तहरीर

गाजीपुर। भाजपा का राजपाट और पार्टी के ही वरिष्ठ नेता पर फायरिंग। फायरिंग करने वाला बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी का करीबी। बेशक यह मामला अति गंभीर है। यह मामला सोमवार की दोपहर का है। गाजीपुर नगर पालिका के निर्वतमान चेयरमैन विनोद अग्रवाल अपने बेटे संग टैक्सी स्टैंड स्थित दुकान पर बैठे थे। उसी बीच सैय्यदबाड़ा का रहने वाला ठेकेदार यूनुस रजा अपने साथी के साथ पहुंचा। 

वह अपने रजिस्ट्रेशन के नवीनीकरण नहीं होने पर श्री अग्रवाल से उलझ गया। श्री अग्रवाल का कहना था कि संभव हो उनके चेयरमैन रहते उसका रजिस्ट्रेशन नियमानुसार नहीं होगा। तब संभव हो कि उसका नवीनीकरण रुक गया हो। उसके बाद यूनुस रजा उखड़ गया और जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचा निकाल कर उन पर ट्रिगर दबा दिया। संयोग ही रहा कि गोली नहीं चली। उसके बाद वह दूसरी गोली भरने लगा। 

तब श्री अग्रवाल और उनके बेटे उसे पकड़ने के लिए लपके। आसपास के लोग भी जुटने लगे। पकड़े जाने के भय से वह अपने साथी संग भाग गया। इस घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता श्री अग्रवाल का हाल जानने पहुंचने लगे। देर शाम करीब सात बजे भाजपा जिला महामंत्री ओमप्रकाश राय, नगर अध्यक्ष रास बिहारी राय, मनोज बिंद, हिंदू युवा वाहिनी के जिला महामंत्री रिंकू जायसवाल वगैरह श्री अग्रवाल को लेकर पुलिस कप्तान सोमेन बर्मा के कैंप ऑफिस पहुंचे।

घटना की लिखित तहरीर दी गई। भाजपा नेताओं का कहना था कि हमलावर ठेकेदार बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी का करीबी है। यह घटना खुलेआम दहशतगर्दी वाला है। लिहाजा हमलावर के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस सिलसिले में पुलिस कप्तान ने ग़ाज़ीपुर न्यूज़ को बताया कि वह इस पूरे घटनाक्रम की जांच करा रहे हैं। दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी।  
'