Today Breaking News

सपा संगठन के गठन में आम सहमति ही होगी मान्यःरमेश

गाजीपुर। सपा के संगठनात्मक चुनाव में गाजीपुर के लिए प्रदेश नेतृत्व की ओर से नियुक्त प्रभारी रमेश प्रजापति का कहना है कि इस चुनाव में आम सहमति सर्वोपरि होगी। पांच सितंबर को लंका मैदान में प्रस्तावित जिला सम्मेलन में भाग लेने आए श्री प्रजापति सोमवार को होटल अवध में मीडिया से मुखातिब हुए। 

बताए कि संगठन के चुनाव में सक्रिय सदस्य बनाने वाले तथा सक्रिय सदस्यों के बीच में से ही राष्ट्रीय तथा प्रदेश प्रतिनिधियों का चयन होगा। रही बात जिलाध्यक्ष सहित जिला कमेटी के अन्य पदाधिकारियों के चयन का काम मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष व पदाधिकारी की सहमति से पैनल बनेगा। उसके बाद सूची शीर्ष नेतृत्व को प्रेषित होगी। अंतिम मुहर शीर्ष नेतृत्व ही लगाएगा। 

संगठन के चुनाव में अनुभवी, निष्ठावान तथा नौजवानों को प्राथमिकता मिलेगी। इस मौके पर श्री प्रजापति केंद्र तथा प्रदेश की भाजपा सरकार को कोसना नहीं भूले। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के साथ धोखेबाजी की है। चुनावों में जो भी वादा की उन्हें आज तक पूरा नहीं की। किसानों की कर्ज माफी नहीं हुई। पेट्रोलियम के दाम आए दिन बढ़ रहे हैं। महंगाई चरम पर पहुंच गई है। अपराध का ग्राफ भी बढ़ रहा है। 

जनता का ध्यान बांटने के लिए कभी गंगा माता तो कभी मंदिर-मस्जिद का मुद्दा उठा देती है। केंद्र अथवा प्रदेश सरकार महज दिखावे के लिए है। हकीकत यही है कि राजपाट राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ चला रहा है। इसके चलते लोकतंत्र की मर्यादा, सिद्धांत पीछे छूट रहे हैं और सांप्रदायिक सद्भाव टूटने लगा है। उनका कहना था कि भाजपा राष्ट्रवाद का नारा देती है जबकि आजादी की लड़ाई में उसका कोई योगदान नहीं रहा है। भाजपा को गरीबों की तरक्की, खुशहाली और नौजवानों को रोजगार की चिंता नहीं है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष डॉ.नन्हकू यादव, सुदर्शन यादव, रामधारी यादव, सुधीर यादव, एसपी पांडेय, अहमर जमाल, मीडिया प्रभारी अरुण श्रीवास्तव, गोपाल यादव, राकेश यादव, चंद्रशेखर यादव, विजय बहादुर यादव, चंद्रिका यादव, कमलेश यादव, नन्हें खां, रोशन यादव, अमित सिंह लालू, अक्षय यादव, श्रीकांत मिश्र, मनोज यादव आदि भी मौजूद थे।
'