Today Breaking News

विवाह समारोह में चली गोली, दुल्हन का चाचा जख्मी

गाजीपुर। शहर के सराय मुहल्ला(नवाबगंज) में अपनी भतीजी के शादी समारोह में चली गोली से जमीर कुरैशी(42) घायल हो गए। वाकया शनिवार की रात करीब नौ बजे का है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। जमीर की कनपटी में छर्रा घुसा था। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उसे बाहर निकाला। अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। 

सूचना मिलने के बाद सीओ सिटी हृदयानंद सिंह अस्तपाल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि तब हडबड़ी की स्थिति थी। लिहाजा घटनाक्रम का पता नहीं चला। वैसे हर्ष फायरिंग का ही मामला बताया जा रहा है। विवाह समारोह में बारात वाराणसी से आई थी। दुल्हन के परिवारीजन भी इस मामले में मुंह नहीं खोल रहे हैं। वैसे चर्चा है कि उन्हें पता है कि गोली किसने चलाई। वह तो एफआइआर भी दर्ज कराना नहीं चाहते थे लेकिन सवाल था कि बगैर पुलिस कार्रवाई घायल जमीर का इलाज मुश्किल होता। गोली चलने के बाद बारात में भगदड़ मच गई। कई बाराती बगैर भोजन ही लौट गए। जैसे-तैसे निकाह की रस्म पूरी करा कर दुल्हन की विदाई करा दी गई।
'