Today Breaking News

पुलिस इंस्पेक्टर अखिलेश त्रिपाठी से हर कोई था नाखुश, एसएचओ मरदह से हो गए लाइन हाजिर

मरदह। एसएचओ मरदह अखिलेश त्रिपाठी को आखिर कुर्सी छोड़नी पड़ी। रविवार की रात पुलिस कप्तान सोमेन बर्मा ने उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह शहर कोतवाली में रहे सुरेंद्र पांडेय की तैनाती हुई है। श्री त्रिपाठी को लाइन हाजिर की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक हलके में भी चर्चा हो रही है। कहा जा रहा है कि कार्यभार संभालने के बाद अपने मिजाज से वह हर किसी को खटकने लगे थे। यहां तक कि सरकारी पार्टी भाजपा के लोग भी उनकी तुनकमिजाजी से नाखुश थे। कई ऐसे मौके आए जब वह भाजपा कार्यकर्ताओं के नाहक अपमानित किए। भाजपा नेताओं ने पुलिस कप्तान से कई बार श्री त्रिपाठी के खिलाफ शिकायत की। सपा कार्यकर्ताओं के साथ भी उनका यही रवैया था। पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ नाहक तल्खी के लिए टोकने पर जनाब सपा विधायक डॉ.वीरेंद्र यादव से भी हॉट टॉक करने की जुर्रत कर बैठे थे। बताते हैं कि डॉ.यादव इस सिलसिले में पुलिस कप्तान से भी शिकायत कर चुके थे। बल्कि उन्होंने चेतावनी भी दी थी कि अगर दो सप्ताह में एसएचओ मरदह के पद से अखिलेश त्रिपाठी को नहीं हटाया गया तो फिर वह अपने कार्यकर्ताओं संग मरदह थाना मुख्यालय का घेराव करेंगे। इस लिहाज से देखा जाए तो चौतरफा विरोध के कारण ही श्री त्रिपाठी पर यह कार्रवाई हुई है।
'