Today Breaking News

लोकनायक को भूल गए गाजीपुर के भाजपाई, सपाइयों ने किया श्रद्धा से याद

गाजीपुर। भाजपा के बड़े नेताओं ने भले लोकनायक जयप्रकाश नारायण को उनकी जयंती पर बुधवार को श्रद्धा से याद किया लेकिन गाजीपुर के पार्टीजनों को उनकी  सुधि नहीं रही। अलबत्ता, सपा के लोग उन्हें भूले नहीं। श्रद्धा से याद किए। भाजपा के बड़े नेताओं ने अपने ट्यूटर हैंडल से लोकनायक को श्रद्धांजलि दी। उन्हें महान नेता और राष्ट्रभक्त बताए। 

गाजीपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी याद में एक बैठक तक करने की जरूरत नहीं समझी। ऐसा नहीं कि वह नहीं बैठे। टैक्सी स्टैंड स्थित पार्टी कार्यालय में वह बैठे लेकिन एजेंडा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय के 13 अक्टूबर को गृह जनपद गाजीपुर के कार्यक्रम की तैयारियों का था। उधर सपाजनों ने पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा की अगुवाई में पीजी कॉलेज चौराहा स्थित लोकनायक जयप्रकाश की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। 

इस मौके पर श्री कुशवाहा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तानाशाही और सांप्रदायिक सत्ता को उखाड़ फेंकने के लिए लोकनायक जयप्रकाश की अगुवाई में हुई संपूर्ण क्रांति की जरूरत है। इस मौके पर पार्टी मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, लोहिया वाहिनी अध्यक्ष राकेश यादव, अखिलेश सिंह, राहुल सिंह, सदानंद यादव, नन्हें खां, राजेश कुमार यादव, तहसीन अहमद, लड्डन खां आदि थे। 

इसी क्रम में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा भी लोकनायक की जयंती पर उन्हें श्रद्धा से याद की। पीजी कॉलेज चौराहा स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद गोष्ठी हुई। संस्था के अध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ने लोकनायक के व्यक्तित्व, कृतित्व की चर्चा करते हुए कहा कि उनकी अगुवाई में शुरू हुई संपूर्ण क्रांति से तत्कालीन कांग्रेसी सरकार उखाड़ फेंकी गई थी। 

आज उसी क्रांति की जरूरत है और यह तभी संभव होगी जब लोकनायक के सिद्धांतों, आदर्शों को नौजवान एक बार फिर स्वीकार करेंगे। गोष्ठी में सपा नेता राजेश कुशवाहा सहित मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव, विरेश्वर सिन्हा, परशुराम लाल, परमानंद, चंद्रप्रकाश, चुन्नू, आनंद, संदीप, रवि आदि थे।
'