Today Breaking News

नगर निकायः चुनाव कार्यक्रम घोषित, 22 नवंबर को पड़ेंगे वोट

गाजीपुर। राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। चुनाव कुल तीन चरण में होगा। गाजीपुर के सभी आठ नगर निकायों को पहले चरण में शामिल किया गया है। कार्यक्रम के मुताबिक पहले चरण के लिए नामांकन का काम 29 अक्टूबर से शुरू होगा और छह नवंबर तक चलेगा। नामांकन का वक्त सुबह 11 से शाम तीन बजे तक तय है। 

सात नवंबर की सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। नाम वापसी नौ नवंबर की सुबह 11 से शाम तीन बजे तक होगी। उसके बाद दस नवंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित होगा जबकि मतदान 22 नवंबर की सुबह सात से शाम पांच बजे तक चलेगा। राज्य चुनाव आयुक्त एसके अग्रवाल के मुताबिक प्रदेश के सभी नगर निकायों के वोटों की गिनती पहली दिसंबर की सुबह आठ बजे शुरू होगी। 

गाजीपुर में सभी नगर निकायों के कुल 136 वार्डों में मतदाताओं की कुल संख्या दो लाख पांच हजार 254 है। गाजीपुर के नगर निकायों के चेयरमैन पदों में गाजीपुर नगर पालिका परिषद सामान्य महिला और जमानियां तथा मुहम्मदाबाद नगर पालिका पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। उधर नगर पंचायतों में सैदपुर सामान्य महिला, सादात तथा दिलदारनगर पिछड़ा और बहादुरगंज व जंगीपुर पिछड़ी महिला के लिए सुरक्षित है।
'