Today Breaking News

अपहृत पूर्व फौजी 36 घंटे बाद बदहवासी में लौटे घर

दिलदारनगर। सिंदुरा गांव के अपहृत पूर्व फौजी यमुना सिंह गुरुवार को तड़के घर लौट आए। पुलिस इसे अपनी उपलब्धि मान रही है जबकि घरवालों ने अपने मुखिया की सकुशल वापसी पर सुकून की सांस ली है। मालूम हो कि मंगलवार की रात यमुना सिंह घर से भोजन के बाद डेरा पर सोने चले गए थे। सुबह जब वह घर नहीं लौटे तब परिवार के सदस्य डेरा पर पहुंचे। 

वहां वह नहीं मिले। अलबत्ता, उनकी चारपाई पर एक चिट मिला। उसमें अपहरण की बात लिखी थी और फिरौती के रूप में 30 लाख रुपये की मांग की गई थी। उसमें एक फोन नंबर भी लिखा था लेकिन पुलिस जब उस पर कॉल की तो वह बंद मिला। यमुना सिंह की वापसी पर एसओ दिलदारनगर जगदंबा प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि पुलिस अपहर्ताओं पर पूरा दबाव बना दी थी। इसी वजह से वह पकडे जाने के डर से यमुना सिंह को छोड़ दिए। अपहर्ता यमुना सिंह को उनके डेरे से कैसे ले गए थे और कहां रखे थे। फिर वह वापस कैसे आए। इन सवालों पर एसओ दिलदारनगर ने कहा कि घर वापस आने पर वह एकदम बदहवास थे। लिहाजा उनसे पूछताछ नहीं की गई है। उनकी स्थिति सामान्य होने पर शाम तक उनसे पूछताछ होगी। अपहर्ता शीघ्र पुलिस की गिरफ्त में होंगे। यमुना सिंह के बेटे दिलीप सिंह जमानियां एसडीएम कोर्ट में वकील हैं।     
'