Today Breaking News

भाजपा के लिए सिर्फ गाजीपुर में ही गुंजाइश :अफजाल अंसारी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर बसपा के पूर्व सांसद अफजाल अंसारी चुनावी राजनीति में घाघ लड़वइया माने जाते हैं। उनके चुनाव नतीजे के अनुमान पर विरोधी तक एतबार करते हैं। नगर निकाय चुनाव के संभावित नतीजे को लेकर गाजीपुर न्यूज़ ने श्री अंसारी से चर्चा की। शुरुआत गाजीपुर नगर पालिका से हुई। वह बोले-यहां बसपा-सपा और भाजपा में कांटे का मुकाबला है। 

जीत-हार का फासला मामूली वोटों का रहेगा। अव्वल तो दावे के साथ कोई दल अपनी जीत की बात करने की स्थिति में नहीं है लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर भाजपा के लिए थोड़ी बहुत गुंजाइश बनती दिख रही है तो वह सिर्फ और सिर्फ गाजीपुर नगर पालिका है। शेष सात नगर निकायों में वह लड़ाई से बाहर हो गई है। 

अपने गृह नगर पालिका मुहम्मदाबाद के बाबत पूर्व सांसद ने कहा कि वहां बसपा की जीत लगभग तय हो चुकी है। दूसरे स्थान पर भाजपा हो सकती है लेकिन उसकी हार का फासला ज्यादा वोटों का ही रहेगा। उधर जमानियां नगर पालिका में भाजपा और सपा बहुत पीछे छूट गई हैं। बल्कि बसपा मुख्य मुकाबले में है। बसपा को टक्कर निर्दल उम्मीदवार दे रहा है। उनका इशारा निर्वतमान चेयरमैन अनिल गुप्त की ओर था। 

नगर पंचायतों में बहादुरगंज में भी बसपा का ही डंका बजेगा। भाजपा-सपा की मौजूदगी महज खानापूर्ति वाली साबित होगी। दूसरे स्थान पर भासपा जरूर हो सकती है। कमोवेश यही स्थिति जंगीपुर की है। वहां भी भाजपा-सपा का पत्ता गोल है। बसपा और निर्दल उम्मीदवार के बीच सीधी टक्कर है। सैदपुर में जरूर सपा कुछ खड़ी दिख रही है। उससे सीधे बसपा मुकाबिल है। लड़ाई में भाजपा बहुत पीछे छूट चुकी है। 

सादात में भी यही स्थिति रहेगी। बसपा से सपा थोड़ा-बहुत लड़ेगी। भाजपा की मौजूदगी नाममात्र की रहेगी। रही बात दिलदारनगर नगर पंचायत की। वहां भाजपा व सपा की लड़ाई बेमानी हो गई है। दो निर्दल के बीच मुख्य मुकाबला है। उनमें एक निर्दल बसपा समर्थित है। 

अंत में उन्होंने फिर दोहराया कि भाजपा के लोग अगर कहीं जीत की उम्मीद कर सकते हैं तो वह गाजीपुर नगर पालिका है जबकि सपा के लोग गाजीपुर सहित सैदपुर तथा सादात में अपने लिए गुंजाइश मान सकते हैं। शेष मुहम्मदाबाद, बहादुरगंज, जंगीपुर, दिलदारनगर तथा जमानियां में बसपा की पूरी संभावना है।  
'