Today Breaking News

गाजीपुर: तीरंदाजी में रोहित सिंह को स्वर्ण पदक

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर सैदपुर तीरदांजी संघ व द्रोणा आर्चरी एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नगर के टाउन नेशनल इंटर कालेज के मैदान में चतुर्थ जिला तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद भर से आए 80 तीरंदाजों ने प्रतियोगिता में अपने हुनर का प्रदर्शन किया। इसके पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि व संघ के जिलाध्यक्ष डा. मुकेश सिंह व रेशु जालान ने तीर चलाकर किया। प्रतियोगिता में हुए इंडियन राउंड के साथ ही रिकर्व व कंपाउंड राउंड में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों ने लक्ष्य भेदकर सोने पर निशाना साधा। 

इस दौरान इंडियन राउंड में बालक वर्ग में रोहित सिंह ने स्वर्ण, रोहित कुमार ने रजत व प्रमोद सिंह ने कांस्य पर निशाना साधा। वहीं बालिका वर्ग में अंजली कुमारी को स्वर्ण, निशा मौर्य को रजत व मोनिका सिंह को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। कंपाउंड राउंड में बालक वर्ग में शशिकांत राय को स्वर्ण, आकाश को रजत व संदीप भारती को कांस्य दिया गया। वहीं बालिका वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए साधना दुबे ने स्वर्ण पर निशाना लगाया। रिकर्व राउंड में बालक वर्ग में शुभम ने स्वर्ण, आशीष तिवारी रजत व संदीप सिंह ने कांस्य जीता। बालिका में नमिता वर्मा ने स्वर्ण जीता। 

इसके पश्चात समापन में बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी सर्वेश मिश्र ने विजेता तीरंदाजों को मेडल देते हुए उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए बधाई दी। कहा कि विश्व की प्राचीनतम विधा को आज खेल के रूप में मान्यता दी गई है। कहा कि जनमानस में क्रिकेट की प्रधानता होने के बावजूद तीरंदाजी प्रतियोगिता में इतने तीरंदाज खिलाड़ियों का प्रतिभाग करना सुखद है। इस दौरान सप्ताहांत में मथुरा में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया। जिसमें इंडियन, रिकर्व व कंपाउंड राउंड के जूनियर व सीनियर वर्ग खिलाड़ियों का चयन किया गया। इस मौके पर टूर्नामेंट डायरेक्टर मुकेश तूरी, नामित वर्मा, मनीष दुबे, राकेश मौर्य आदि मौजूद थे।

'