Today Breaking News

गाजीपुर: सपा को महंगी पड़ने लगी मुलायम की बेकदरीः अफजाल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर पूर्व सांसद अफजाल अंसारी मानते हैं कि नगर निकाय चुनाव में उनकी पार्टी बसपा के प्रदर्शन से साफ हो गया है कि बसपा को लेकर अब अकलियत का भरोसा और बढ़ा है। गाजीपुर न्यूज़ से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस बात का गवाह  अकेले गाजीपुर है। यह ठीक है कि पिछले नगर निकाय चुनाव में उनकी अगुवाई वाले कौएद ने चार पर अपना झंडा गाड़ा था लेकिन इस बार सीधे पांच निकाय बसपा की झोली में गए हैं। अकिलियत का बसपा के पक्ष में मजबूती से आने का यह नतीजा है। 

यह निकाय चुनाव एक और संकेत दिया है। यही कि अगर अकलियत, दलित और अति पिछड़े लामबंद हो जाएं तो विधानसभा क्या लोकसभा चुनाव का परिणाम भी उनके पक्ष में जाएगा। अब इस समीकरण की शुरुआत हो चुकी है। नगर निकाय चुनाव में सपा के नतीजे के सवाल पर श्री अंसारी ने कहा कि यह हैरानी वाला नहीं है। दरअसल, जिस मुलायम सिंह यादव तथा शिवपाल यादव ने सपा को खड़ा किया आज वह खुद उसी पार्टी में बेकदरी झेल रहे हैं। अखिलेश यादव सपा को समाजवादियों का नहीं खुद की संपत्ति समझ लिए हैं। 

लिहाजा, सपा का कॉडर आहत है। निराश है। यह अखिलेश की ही देन है कि मुलायम सिंह की अगुवाई में सपा प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई और आज यही सपा सत्ता से बहुत दूर हो चुकी है। नगर निकाय चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन की चर्चा पर उन्होंने कहा कि यह सब ईवीएम का खेल है। जहां ईवीएम से वोट पड़े वहां भाजपा जीती। नगर पालिका तथा नगर पंचायतों में बैलेट पेपर का इस्तेमाल हुआ वहां बसपा बेहतर तरीके से अपनी ताकत का एहसास कराई। साथ यह भी साबित हो गया कि अब बसपा भी शहरी वोटरों को अपनी ओर आकर्षित करने का माद्दा रखने लगी है। 
'