Today Breaking News

गाजीपुर पोस्ताघाट नाव हादसा: महिलाओं से भरी नाव पलटी, बाल-बाल बचे

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर शहर के पोस्ताघाट के पास शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे गंगा में बड़ा नाव हादसा टल गया। अचानक पानी भरने से लोगों से भरी नाव डूबने लगी। गनीमत रही आसपास मौजूद मछुवारों ने सभी सवारों को सकुशल बचा लिया। सवारों में ज्यादातर महिलाएं और कुछ बच्चे थे। वह अपने गांव मेदनीपुर के यशवंत सिंह के परिवार संग उनके नाती रुद्रप्रताप सिंह(3) के मुंडन के बाद सेहरा उतारने के लिए नाव से इस पार आ रही थीं। 
नाव पोस्ताघाट के करीब पहुंचने ही वाली थी कि उसमें अचानक पानी भरने लगा। महिलाएं शोर मचाने लगीं और अपने बचाव में इधर-उधर भागने लगीं। तभी अनियंत्रित होकर नाव डूबने लगी। संयोग रहा कि यह सब देख आसपास मौजूद मछुवारे तत्परता बरते और सभी को सुरक्षित बाहर निकाले। उनमें सुनीता सिंह(25) पत्नी बड़े सिंह की स्थिति गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। 
हादसे की सूचना के बाद सदर एसडीएम विनय कुमार गुप्त सहित मेदनीपुर के ग्राम प्रधान दीपक सिंह सहित शहर कोतवाली की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। ग्राम प्रधान ने इस हदासे में कोई जनक्षति नहीं होने पर मां गंगा के प्रति अभार जताते हुए बताया कि यशवंत सिंह की पुत्री प्रियंका की शादी नंदगंज क्षेत्र के पहाड़पुर में हुई है। गांव की परंपरा के मुताबिक प्रियंका अपने पुत्र रुद्रप्रताप के मुंडन संस्कार के लिए मायके आई हैं। नाव मेदनीपुर के ही पड़ोसी गांव ताड़ीघाट की बताई गई है।

नाव में यह थे सवार
पुष्पा देवी पत्नी चंद्रप्रकाश सिंह मरदह, गीता देवी पत्नी वीरेंद्र सिंह, पूनम पत्नी संजय कुमार, वंदना सिंह पत्नी अजय सिंह, स्नेहा सिंह पुत्री हरिश्चंद्र सिंह, लालपरी सिंह पत्नी अरविंद सिंह, पूजा सिंह पत्नी मनीष, रेनू सिंह पत्नी उमाकांत, आरती पुत्र विनोद कुमार, सीमा सिंह पत्नी मणिंद्र सिंह, रेखा गुप्ता पुत्री मनोज गुप्ता, शालिनी सिंह पुत्री ठाकुर सिंह, मोनी पुत्री उदयभान सिंह, गुड़िया गुप्ता पुत्री अमरनाथ, राधिका देवी पत्नी स्व.राधेश्याम, सुनीता सिंह पत्नी सुनील सिंह, सविता पत्नी यशवंत सिंह आदि सहित यशवंत सिंह की पत्नी सविता तथा पुत्री प्रियंका सिंह और पुरोहित गंगा पांडेय के अलावा बैंडबाजा पार्टी के कुछ सदस्य शामिल रहे।
'