Today Breaking News

गाजीपुर भाजपाः प्रदेश प्रवक्ताओं की सूची में गाजीपुर को भी मिली जगह

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर भाजपा ने सोमवार को प्रदेश प्रवक्ताओं की सूची जारी की। उसमे कुल दस नाम हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय की ओर से जारी इस सूची में एक नाम संजय राय का भी है। यह संयोग है अथवा संजय राय की काबिलियत कि प्रदेश अध्यक्ष और संजय राय मूलतः जिला गाजीपुर के ही रहने वाले हैं। बहरहाल सूची में हरीश श्रीवास्तव(अंबेडकरनगर), शलभ मणि त्रिपाठी(देवरिया), समीर सिंह(गोरखपुर), डॉ.मनोज मिश्र(कानपुर), डॉ.चंद्रमोहन(बुलंदशहर), मनीष शुक्ल(जौनपुर), हीरो वाजपेयी(लखनऊ), अनिला सिंह(नोएडा) तथा अशोक पांडेय(वाराणसी) का नाम भी शामिल है। इनके अलावा प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया प्रभारी तथा सह प्रभारी की भी नियुक्ति की है। मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी मनीष दीक्षित(लखनऊ) को दी गई है जबकि अशोक अवस्थी(लखनऊ) तथा हिमांशु दूबे(झांसी) को सह प्रभारी का दायित्व दिया गया है। प्रदेश प्रवक्ता ही टीवी चैनलों में डिबेट में हिस्सेदारी करेंगे।

कौन हैं संजय राय
संजय राय गाजीपुर के सादात ब्लाक के बुढ़नपुर के रहने वाले हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एमए करने के बाद वह लखनऊ विश्वविद्यालय से एलएलबी तथा पत्रकारिता की मास्टर डिग्री हासिल किए। सन् 1993 से 2002 तक  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्णकालिक कार्यकर्ता रहे। फिर 2004 से 2007 तक भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री का पद संभाले। उसके बाद 2010 तक भाजयुमो के ही प्रदेश उपाध्यक्ष का काम देखे। 

उसी क्रम में वह भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य बने और अब तक वह यह जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। साथ ही वर्ष 2010 से 2014 तक भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी थे। 2015 में पार्टी ने उन्हें आईटी तथा सोशल मीडिया सेल का प्रदेश चीफ बने। यह दायित्व आज भी इन्हीं के पास है। जाहिर है कि पार्टी उनकी वाक्यपटुता और तर्कक्षमता को समझी है और अब उन्हें प्रदेश प्रवक्ता का काम भी सौंप दी है।
'