Today Breaking News

गाजीपुर: बेसो नदी में मिली गर्भवती महिला की लाश, पति पर हत्या का आरोप

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर नोनहरा रसूलपुर कंधरा गांव के पास बेसो नदी के धोबीघाट पर महिला की लाश सोमवार की सुबह मिली। बाद में महिला की पहचान विमली पत्नी कल्लू बिंद(30) बघोल थाना जंगीपुर के रूप में हुई। मामला हत्या कर लाश नदी में फेंकने का लग रहा है। महिला के सिर के बाएं हिस्से तथा कनपटी के पास गहरे चोट के निशान थे। लाश को देखने से साफ लग रहा था कि महिला की मौत बमुश्किल 12 घंटे पहले हुई होगी। ग्रामीणों के अनुसार बारिश से नदी में बढ़ाव और बहाव है। किनारे पहुंचे लोगों को पानी के बहाव में महिला के दोनों हाथ दिखे। उन्होंने उसकी सूचना यूपी-100 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस किसी तरह लाश को बाहर निकलवाई। महिला नीले रंग की फूलदार साड़ी तथा बैगनी रंग की ब्लाउज पहने थी। उसके हाथ पर विमली-कल्लू गुदा था। बाद में उसकी पहचान भी हो गई।

उधर नोनहरा पुलिस की सूचना पर जंगीपुर पुलिस ने महिला के पति कल्लू को हिरासत में ले ली है। नोनहरा पुलिस ने फोन के जरिये कल्लू से बात की। वह बताया कि रविवार की रात पत्नी झगड़ा की। उसके बाद दोनों सो गए। फिर कब वह घर से निकली। कैसे उसकी मौत हुई और वह उसकी लाश नदी में पहुंची। इसकी जानकारी उसे नहीं है। कल्लू ईंट भट्टे पर मजदूरी करता है। विमली का मायका शहर कोतवाली के पाराचक(बिलइचिया) में था। शादी करीब दस साल पहले हुई थी। उसकी दो पुत्रियां हैं। विमली के मायके वालों के अनुसार विमली के पेट में तीन माह का गर्भ भी था। इस मामले में मायके वाले नोनहरा थाने में कल्लू के खिलाफ हत्या की तहरीर दिए हैं। अब पुलिस विवेचना में ही स्पष्ट होगा कि विमली की हत्या कर लाश उसके पति ने नदी में फेंकी थी या फिर पति से झगड़े के बाद खुद विमली घर से निकली और पुल से नदी में छलांग लगा दी थी।

'