Today Breaking News

गाजीपुर: गंगा सहित कर्मनाशा भी उफनी, जलस्तर खतरे के निशान से मात्र एक मीटर नीचे

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर गंगा के साथ ही कर्मनाशा में भी उफान शुरू हो गया है। गंगा अब खतरे के निशान से करीब एक मीटर नीचे बह रही हैं। बुधवार की सुबह जलस्तर 62.24 मीटर दर्ज हुआ जबकि खतरा का निशान 63.22 है। गंगा का पानी अब तटवर्ती बस्तियों में घुसने लगा है। वहां के लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने गंगा में यात्री नावों के परिचालन पर रोक लगा दी है।

सिंचाई विभाग के एक्सईएन आरके शर्मा ने बताया कि हाल-फिलहाल गंगा में घटाव की गुंजाइश नहीं दिख रही है। ऊपर इलाहाबाद में जहां गंगा प्रति घंटा डेढ़ सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रही हैं वहीं यमुना में बढ़ाव प्रति घंटा दो सेंटीमीटर का है। नीचे घाघरा का जलस्तर बढ़ने से गंगा के पानी के खिसकने का मौका नहीं मिल रहा है। यह स्थित चिंताजनक है। कानपुर बैराज से भी गंगा में पानी लगभग हर रोज छोड़ा जा रहा है।

उधर गंगा पार जमानियां तथा सेवराईं तहसील में कर्मनाशा नदी भी उफनने लगी है। उसके चलते कर्मनाशा के तटवर्ती धुस्का, गायघाट समेत दर्जनों गांवों के बाढ़ की चपेट में आने की खबर मिली है। इसी बीच एसडीएम सदर शिव शरणरप्पा ने बताया कि गंगा में बढ़ाव को देखते हुए यात्री नावों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। एसडीएम जमानियां विनय कुमार गुप्त ने बताया कि कर्मनाशा में घटाव शुरू हो गया है लेकिन गंगा बढ़ रही हैं। बाढ़ प्रभावित गांवों पर प्रशासन की पूरी नजर रखी जा रही है। वह खुद चक्रमण कर रहे हैं।

'