Today Breaking News

गाजीपुर: सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर खूब दागे जुबानी वाण

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर जखनियां बीआर आंबेडकर इंटर कॉलेज मंदरा में बुधवार को हुए जखनियां विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन में सपा नेताओं ने भाजपा पर खूब तीखे जुबानी वाण दागे। कहे कि अब खुद की करनी से भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। गरीबों, किसानों के साथ हो रहे अत्याचार के लिए भाजपा को देश कभी माफ नहीं करेगा। भाजपा सरकार का अहम लोकसभा चुनाव में चूर हो जाएगा। जनता सबक सिखाने को तैयार बैठी है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वह जनता के बीच जाएं। उन्हें याद दिलाएं कि पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने किस तरह अपने राज में उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की शुरुआत की थी। किस तरह उन्होंने समाज के अंतिम कतार के लोगों के चेहरे पर खुशहाली लाने की कोशिश की थी। किस तरह उन्होंने एक्सप्रेस वे से लगायत प्रदेश की सड़कों के निर्माण का सिलसिला शुरू की थी। किस तरह उन्होंने गरीब तबके के तरक्की, खुशहाली के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई थी।

प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि सपा की असल ताकत कार्यकर्ता हैं। उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अपराध रोकने के नाम पर सरेराह सभ्यजनों की हत्या और किसानों के हित के नाम अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी और जय जवान-जय किसान का नारा देने वाले लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर निहत्थे किसानों पर पुलिस की बर्बर कार्रवाई की घटना ने भाजपा के असल चेहरे को और उजागर कर दिया है। पूरे देश में भाजपा के खिलाफ आक्रोश है। पार्टी के पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा कि भाजपा की सरकार से अब उत्तर प्रदेश ही नहीं पूरे देश के लोग अकुता चुके हैं। वह भाजपा का विकल्प चाहते हैं। आज जो देश के हालात हैं। वह शायद आजादी के बाद कभी नहीं रहे। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस सहित अन्य उपभोक्ता वस्तुओं की कीमत कई गुना बढ़ चुकी है। किसान और आमवर्ग इससे कराह रहा है। देश की अर्थव्यवस्था रसातल की ओर जा रही है। पूर्व सांसद ने प्रधानमंत्री मनोमोहन सिंह की बात का हवाला देते हुए कहा कि नोटबंदी और जीएसटी से देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। डालर के मुकाबले रुपये लगातार कमजोर हो रहा है। आलम यह है कि खुद अपनी ही सरकार की नाकामियों को लेकर उठ रहे आमजन के सवालों का जवाब भाजपा कार्यकर्ताओं के पास नहीं है। वह ऐसे सवालों पर मुंह चराने लगे हैं।

विधायक डॉ.वीरेंद्र यादव ने कहा कि सपा भले विपक्ष में है लेकिन जनता का न विश्वास कम हुआ है और न वोट घटा है। भाजपा के राज में पुलिस निरंकुश हो चुकी है। अपराधियों की धरपकड़ के मामले में भेदभाव कर रही है। आए दिन फर्जी मुठभेड़ दिखा रही है। वरिष्ठ नेता डॉ.सानंद ने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। उन्होंने कार्यकर्ता को कहा कि वह पार्टी मुखिया अखिलेश यादव के भाजपा सरकार से देशवासियों को मुक्ति दिलाने के संकल्प को पूरा करने के लिए तैयार हो जाएं। इस मौके पर पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, रामधारी यादव, सुदर्शन यादव, राजेश कुशवाहा, जैकिशुन साहू, सदानंद यादव, पूर्व एमएलसी डॉ.विजय यादव, जिला पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि विजय यादव, गोपाल यादव, पूर्व एमएलए द्वय विजय कुमार व सुब्बा राम सहित गरीब राम, छोटू यादव, चंद्रिका यादव, रामाधार यादव, निसार अहमद आदि थे। अध्यक्षता कमलेश यादव तथा संचालन आमिर अली ने किया।

'