Today Breaking News

गाजीपुर: पांचवें दिन ससुराल में घर बाहर बच्चों संग बैठी रही महिला

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर महुआरी गांव में अपने ससुराल में घर के सामने पांचवें दिन भी विवाहिता साधना चौहान बच्चों के साथ जमी रही। जबकि महिला पक्ष से उसका भाई जवाहिर चौहान अपने बहन को न्याय दिलाने के लिए शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक के यहां गुहार लगायी है।

उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे भी घर के बाहर भटक रहे हैं, जबकि ससुराल वाले विवाहिता को घर में जाने देने से मना कर रहे हैं। कारण पूछे जाने पर महिला के ऊपर निजी आरोप लगा रहे हैं। प्रशासन द्वारा पीड़ित महिला को उसी के हाल पर वहीं छोड़ दिया गया है। पीड़िता मरदह थाना क्षेत्र के हैदरगंज निवासी राधेश्याम चौहान की बेटी साधना चौहान की शादी 10 वर्ष पूर्व कासिमाबाद थाना क्षेत्र के महुआरी गांव के राम सूचित चौहान के पुत्र प्रमोद चौहान के साथ हुई थी। साधना की तीन पुत्रियां 8 वर्षीया काजल, 5 वर्षीया आंचल, 2 वर्षीया कृति हैं। 

प्रमोद चौहान दुबई में रहकर कार्य कर रहा था, जो लगभग ढाई महीने पहले अपनी पत्नी के ऊपर लांछन लगाते उसे तीनों बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल दिया। खबर मिलने पर मायके वाले अपने घर ले गए। जहां पर वह अपने दिन काट रही थी, लेकिन बच्चों के साथ उसे जीवन यापन करना मुश्किल महसूस हुआ और वह अपने ससुराल के सामने धरने पर बैठ गयी है। जबकी ससुराल पक्ष से विवाहिता का देवर प्रभुनाथ चौहान अपनी भाभी साधना चौहान को किसी भी हालत में अपने घर में न रखने की बात को दोहराया और बताया कि उसके भाई द्वारा तलाक की अर्जी अदालत में लगा दी गई है। दोनों पक्षों में बढ़ रहे तनाव के बावजूद भी प्रशासन कोई सकारात्मक कदम नहीं उठा रहा है।
'