Today Breaking News

गाजीपुर: जाम के झाम में घंटों जकड़ा रहा शहर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर समूचा नगर क्षेत्र बुधवार को जाम के झाम से कराह उठा। कोई भी इलाका ऐसा नहीं बचा था कि जहां जाम न लगा हो। सबसे अधिक जाम की स्थिति रौजा से विशेश्वरगंज तक रही। जाम में फंसे लोग धूप से बिलबिला रहे थे, तो अपने गंतव्य तक जल्दी पहुंचने को लेकर हलकान थे। हालांकि पुलिस प्रशासन के लोग जाम हटवाने में लगे हुए थे, लेकिन उनका प्रयास भी सार्थक नहीं हुआ।

नगर के विशेश्वरगंज इलाके में सुबह से ही जाम लगना शुरू हो गया था। ओवरब्रिज समेत रौजा इलाके में भी वाहनों की कतारें लगी थी। दोपहर में स्कूली बच्चों की छुट्टी हुई। इस दौरान भी जाम लगा हुआ था। जाम में फंसे स्कूली बच्चे धूप से बिलबिला रहे थे। पसीने से तर-बतर उन्हें देख लोगों को उनके ऊपर दया भी आ रही थी, लेकिन कोई कर भी क्या सकता था। लगन के इस मौसम में बाजार में खरीददारी करने आये ग्राहक भी घंटों जाम में फंसे रहे। जाम इस कदर था कि कोई वाहन का पहिया एक कदम आगे नहीं बढ़ सकता था। 

लंका समेत महुआबाग व फुल्लनपुर रोड पर भी जाम की यही स्थिति नजर आई। यहां भी लोग धूप में पसीना बहा रहे थे। नगर क्षेत्र में जाम लगना कोई नयी बात नहीं है। यहां तो वैसे भी रोजाना ही जाम लगता है, लेकिन आज जाम की हालत बद से बदतर रही। इस संबंध में सीओ सिटी ने बताया कि जाम से निपटने की तैयारी चल रही है। इस समय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी चुनावी कार्य में व्यस्त है। चुनाव समाप्त होने के बाद जाम से निपटने की कार्रवाई की जायेगी।
'