Today Breaking News

गाजीपुर: शादी के दो साल बाद ही महिला का ससुरालियों ने घोंट दिया गला

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर जल्‍लाद ससुरालियों ने महिला को मारने-पीटने के साथ ही गला घोंट दिया। यह घटना बिरनो थाने के गोरयां पारा गांव में शुक्रवार की रात की है। इस मामले में महिला की मां की तहरीर पर सास-श्‍वसुर को पुलिस हिरासत में ले ली है, जबकि पति तथा ननद फरार हो गए हैं। महिला पूनम राजभर (21) का मायका बिरनो थाना क्षेत्र के ही गोविंदपुर मठिया गांव में था। उसकी शादी चार मार्च 2017 को गोरयां पारा के उपेंद्र राजभर से हुई थी। पूनम की मौत की सूचना मायके वालों को ससुराल के पड़ोसियों से मिली। 

पूनम की मां तेतरी देवी ने बताया कि उस सूचना के बाद फोन पर दामाद उपेंद्र ने बताया कि पूनम की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उसे वह लोग फातिमा अस्‍पताल मऊ ले जा रहे हैं। तब मायके के लोग फातिमा अस्‍पताल पहुंचे। वहां पूनम नहीं मिली। उसके बाद वह लोग गोरयां पारा आए, जहां पूनम की लाश पड़ी थी। उसके गले पर काला निशान के साथ ही शरीर के कई हिस्‍सों में चोट के निशान थे। 

पूनम की मां तेतरी देवी के अनुसार उसके पति मुन्‍ना राजभर सऊदी अरब में काम करते हैं। पूनम का पति मुंबई में पहले काम करता था, लेकिन इधर वह गांव पर ही निठल्‍ला घूमता था। जुआ भी खेलने लगा था। इसको लेकर पूनम का झगड़ा होता था। कई बार इसकी शिकायत पूनम अपनी मां से भी की थी। एसओ बिरनो अवधेश प्रसाद सिंह ने बताया कि मृत महिला की मां की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इसकी जांच सीओ कासिमाबाद करेंगे। फिलहाल वह वीवीआईपी ड्यूटी में भदोही गए हैं। मृत महिला की सास तथा श्‍वसुर को हिरासत में लेने के सवाल पर एसओ बिरनो कुछ नहीं बोले।

'