Today Breaking News

गाजीपुर: मनोज सिन्हा का धुआंधार अभियान शुरू

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर लोकसभा चुनाव के लिए जहां सपा-बसपा गठबंधन सहित अन्य दलों ने अभी अपने उम्मीदवार तय नहीं किए है वहीं भाजपा उम्मीदवार की हैसियत से केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने अपने प्रचार अभियान को गति देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को वह अपने संसदीय क्षेत्र गाजीपुर के विधान सभा क्षेत्र जंगीपुर का व्यापक दौरा किए। वह खिदराबाद, तुरकवलिया,बघोल,मदनपुर,चम्पारण पट्टी, हालपुर,बिजौरा आदि गांवो में जनता से सीधे मुखातिब हुए। इस मौके पर उन्होंने अपनी सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों को गिनाया। कहे- देश के अंदर गरीब कल्याण व समाज कल्याण के क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों में प्राथमिकता के आधार पर अनेक कार्य हुए हैं। लोगों के जीवन को समृद्धशाली बनाने के लिए  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निष्ठा के साथ कार्य किया है। देश में हर व्यक्ति के पास अपना स्वंय का घर हो।

इसके लिए केंद्र सरकार ने सार्थक प्रयास किया है और लक्ष्य है कि 2022 तक कोई भी ऐसा परिवार नहीं होगा जिसके पास अपना स्वंय का मकान नहीं होगा। श्री सिन्हा ने कहा कि देश के लगभग सभी गावों के लगभग सात करोड़ घरों तक बिजली उपलब्ध कराकर सरकार एक बड़ा लक्ष्य हासिल की है। आज देश के लगभग 96-97 प्रतिशत घरों तक बिजली पहुंच चुकी है। इसी तरह आयुष्मान योजना के माध्यम से देश के लगभग 50 करोड़ गरीब असहाय लोगों को अच्छी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था प्रदान की गई है। देश के छोटे किसानों को प्रति वर्ष छह हजार रुपये देने का सरकार साहसिक निर्णय ली है। इसके तहत सभी किसानों के खातों में दो हजार रुपये उपलब्ध करा दिए गए है। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं है जब हम इंग्लैंड को पछाड़ कर दुनिया की पांचवीं बड़ी आर्थिक शक्ति का देश बन जाएंगे। आर्थिक स्थिति मजबूत होने के कारण ही आज हमारी सरकार समाज कल्याण के कार्यों आवास, गैस, बिजली, शिक्षा तथा आयुष्मान सहित अन्य योजनाओं को संभव कर सकी है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। मनोज सिन्हा ने आतंकवाद व पाकिस्तान के प्रति सरकार की भावनाओं से भी लोगों को अवगत कराया तथा आतंकवाद के अंत करने के सरकार के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में भारत को जो गौरव आज हासिल हुआ है वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कारण हुआ है। नए भारत की मजबूत नींव हमारी सरकार ने रखी है। केंद्रीय मंत्री ने अपनी पार्टी भाजपा के लिए समर्थन मांगते हुए कहा कि हम ईमानदारी से भरोसा व विश्वास दिलाते हैं कि भारत को ऐसा राष्ट्र बनाएंगे जहां न कोई भूखा होगा, न कोई नंगा ही रहेगा। हम विश्व में सबसे मजबूत आर्थिक व सामरिक शक्ति का भारत बना कर देंगे। श्री सिन्हा आखिर में अपने संसदीय क्षेत्र में खुद के कराए गए विकास कार्यों का जिक्र किए। कहे कि 2014 और 2019 में बहुत बड़ा परिवर्तन हुआ है। उनका कहना था कि गाजीपुर में कराए गए विकास कार्यों में जाति, धर्म के स्तर पर कोई  भेद-भाव नहीं किया गया।

आज गाजीपुर से देश के सभी प्रमुख महानगरों के लिए ट्रेन बनकर चलती हैं। यह बात पांच साल पहले तक वह खुद नहीं सोचते थे। आज स्थिति यह है कि रेलवे, सड़क, जल और हवाई यातायात से गाजीपुर सीधे जुड़ चुका है। श्री सिन्हा के इस दौरे में  बिरनो की चंपारण पट्टी में आयोजित कार्यक्रम में अनुमोदित विद्यालय के जिलाध्यक्ष रामहित यादव के नेतृत्व मे 31लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।इस दौरे में श्री सिन्हा के साथ सरोज कुशवाहा, रामनरेश कुशवाहा, कुंवर रमेश सिंह पप्पू, प्रवीण सिंह बबुआ, सुमित तिवारी, संकठा मिश्र, चतुर्भुज चौबे, अवधेश राजभर, शशिकांत शर्मा, अभय मौर्य, राकेश यादव, सुरेश बिंद, मन्नू सिंह, अनिल सिंह, दुर्गेश सिंह, अविनाश सिंह, गोवर्धन बिंद, प्रमोद राय, संतोष यादव, यशवंत यादव, विरेंद्र प्रधान, श्यामनारायन यादव, योगेंद्र शर्मा, सतीश राय आदि थे।

'