Today Breaking News

दामाद से पूरी ससुराल कोरोना संक्रमित, छह लोगों से 61 में फैला कोरोना, कुछ ऐसी बनी वायरस की चेन

गाजीपुर न्यूज़ टीम, मेरठ. जिसका डर था, आखिर वही हुआ। पश्चिम यूपी के कई शहरों में कोरोना वायरस की चेन बन गई। पांच शहरों में छह लोगों से 61 लोगों तक कोरोना पहुंच गया। इसमें एक मरीज की बुधवार को मेरठ में मौत हो गई। अभी इन परिवारों के 40 से ज्यादा लोग आइसोलेट हैं, जिनकी रिपोर्ट आनी बाकी है। 61 संक्रमितों के संपर्क में कितने आए इस बात का स्वास्थ्य विभाग को भी पूरी तरह पता नहीं। इस चेन के संपर्क में जो भी व्यक्ति आएगा, वही कोरोना की तीसरी स्टेज कहलाई जाएगी।

मेरठ में दामाद से पूरी ससुराल संक्रमित
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का पहला केस आगरा जिले में सामने आया। यहां के दो जूता कारोबारी इटली गए। लौटने पर कुछ दिन घर में रहे। बाद में तबीयत खराब हुई। जांच में इन्हें कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। तब तक परिवार के छह अन्य लोग भी चपेट में आ गए। जूता कंपनी का मैनेजर और उसकी पत्नी को भी कोरोना पॉजीटिव आ गया। आगरा में ही एक डॉक्टर का बेटा लंदन गया। वहां से लौटने पर उसे वायरस की पुष्टि हुई। तब तक डॉक्टर पिता भी चपेट में आ चुके थे।


मेरठ में दामाद से पूरी ससुराल संक्रमित
मेरठ में महाराष्ट्र के अमरावती से एक पॉटरी कारोबारी अपनी ससुराल आया। तबियत खराब होने पर उसमें कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद उसकी पत्नी को कोरोना पुष्टि हुई। फिर तीन साले चपेट में आए। देखते ही देखते इस परिवार के 17 लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई। इसी परिवार के संक्रमित 72 वर्षीय वृद्ध की बुधवार को मेरठ मेडिकल में मौत हो गई। 

नोएडा से बुलंदशहर पहुंचा
नोएडा में सीज फायर कंपनी का ऑडिटर जॉन लंदन से लौटकर आया। उससे 25 लोग चपेट में आ गए। इसमें करीब 17 लोग कंपनी के कर्मचारी और बाकी उनके परिवार के सदस्य हैं। बरेली के सुभाषनगर में इसी सीज फायर कंपनी का कर्मचारी अपने घर गया। उससे मां, पिता, पत्नी, बहन, भाई में कोरोना फैल गया। बुलंदशहर में भी इसी कंपनी का कर्मचारी अपने घर गया। पहले उसमें पुष्टि हुई। फिर उसकी मां-पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आ गई। 


ऐसे बनी चेन
मेरठ में पॉटरी कारोबारी से पत्नी, तीन साले और फिर परिवार के 17 लोग
आगरा में दो जूता कारोबारी, फिर परिवार के छह लोग और फिर कंपनी मैनेजर व पत्नी
बरेली में कंपनी कर्मचारी, फिर पत्नी, मां-बाप, भाई-बहन
बुलंदशहर में कंपनी कर्मचारी, फिर पत्नी और मां
नोएडा में कंपनी ऑडिटर, फिर कंपनी के 17 कर्मचारी और फिर उनके परिजन


क्या कहते हैँ डॉक्टर : 
डॉक्टर राजकुमार चौधरी, सीएमओ मेरठ का कहना है कि कोरोना वायरस खत्म करने के लिए इसकी चेन तोड़नी होगी। इसका सबसे बेहतर तरीका यह है कि पॉजीटिव मरीज को आइसोलेट कर दिया जाए। जो संपर्क वाले संदिग्ध मरीज हैं, वह भी स्वयं क्वारंटाइन हो जाएं।


'