Today Breaking News

गाजीपुर में 400 केवीए ट्रांसफार्मर ठप, सैकड़ो घरों में बिजली गुल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दिलदारनगर क्षेत्र के उसिया गांव में पानी टंकी के पास लगा 400 केवीए का एक विद्युत ट्रांसफार्मर तकनीकी खराबी के कारण ठप हो गया। इससे गांव के करीब 350 घरों की बिजली आपूर्ति 18 घंटे से अधिक समय से बाधित है। भीषण गर्मी और उमस के कारण ग्रामीणों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
बिजली गुल होने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिनभर की उमस भरी गर्मी में घरों में रहना मुश्किल हो गया है। पेयजल आपूर्ति और अन्य दैनिक कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इस संबंध में अवर अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग की टीम मरम्मत कार्य में जुटी हुई है और जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।