Today Breaking News

डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय बने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, गृह जिला गाजीपुर में खुशी

गाजीपुर। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने गुरुवार को केंद्र के मानव संसाधन राज्य मंत्री डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की घोषणा की। खुद डॉ.पांडेय को यह सूचना सुबह करीब नौ बजे मिली। तब वह वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र के कैथी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। उसी वक्त शीर्ष नेतृत्व समूह से उन्हें तत्काल दिल्ली पहुंचने का फोन आया। उसके बाद डॉ.पांडेय उस कार्यक्रम को छोड़ कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। मौजूदा वक्त में डॉ.पांडेय चंदौली के सांसद हैं। भाजपा जैसी बड़ी पार्टी का डॉ.पांडेय के प्रदेश अध्यक्ष बनने की खबर से गाजीपुर के लोगों में भी खुशी की लहर है। वह गाजीपुर के जखनियां तहसील की मीरजापुर ग्राम पंचायत के फक्खनपुर गांव के रहने वाले हैं। 

15 अक्टूबर 1957 को जन्मे डॉ.पांडेय छात्र राजनीति से जनराजनीति में आए। वाराणसी के सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज छात्र संघ के वह सन् 1973 में अध्यक्ष चुने गए। फिर सन् 1978 में बीएचयू छात्रसंघ के महामंत्री बने। उसके पूर्व आपातकाल के दौरान बीएचयू के छात्रनेता की हैसियत से एमपी थियेटर से उन्हें गिरफ्तार किया गया। वह पांच माह डीआरडीए के तहत जेल में रहे। बाद में उनकी दूसरी जेल यात्रा रामजन्म भूमि आंदोलन के तहत हुई। तब तत्कालीन मुलायम सरकार में इन्हें रासुका के तहत निरुद्ध की थी। बीएचयू से उन्होंने एमए किया। फिर पीएचडी की डिग्री ली। साथ ही मास्टर आफ जर्नलिज्म की भी डिग्री उन्होंने हासिल की। पहली बार वह सन् 1991 में भाजपा के टिकट पर सैदपुर से विधायक चुने गए। भाजपा की प्रदेश सरकार में नगर आवास राज्य मंत्री, नियोजन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बने। 

फिर पंचायती राज मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी रहे। भाजपा के संगठन में उन्हें क्षेत्रीय अध्यक्ष समेत प्रदेश के उपाध्यक्ष तथा महामंत्री का पद भी संभाल चुके हैं। अब जबकि इन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है तो साफ है कि शीर्ष नेतृत्व ने उनकी संगठन क्षमता तथा अनुभव पर पूरा भरोसा जताया है। उनके सामने नगर निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव बड़ी चुनौती होगी। प्रदेश अध्यक्ष पद पर इनकी नियुक्ति केशवप्रसाद मौर्य की जगह हुई है। इनके अध्यक्ष बनने से भाजपा की रणनीति का अंदाजा भी मिला है। 

यही कि भाजपा की निगाह संगठन के लिहाज से भी पूर्वांचल पर है और अगड़ों को रिझाने की उसकी पूरी कोशिश है। डॉ.महेंद्र पांडेय के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर खुशी जताते हुए भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री योगेश सिंह ने कहा कि संगठन को और मजबूती मिलेगी। साथ ही पार्टी के नौजवानों तथा पुरनियों में और ठीक से तालमेल बनेगा। जाहिर है कि डॉ.पांडेय जमीनी नेता हैं और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में बराबर खड़े रहते हैं। उनकी अगुवाई में कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। गाजीपुर के लिए यह दूसरा मौका है जब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी उसके खाते में गई है। डॉ.पांडेय से पहले मौजूदा केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र भी प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभाल चुके हैं। श्री मिश्र सैदपुर तहसील के मलिकपुर के रहने वाले हैं।

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद क्या बोले डॉ.पांडेय
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद मानव संसाधन राज्य मंत्री डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय ने ट्विट कर कहा-असंख्य समर्पित कार्यकर्ताओं का समर्पण व त्याग भाजपा के वटवृक्ष की छाँव का और भी प्रसार कर रहा है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व ने मुझे जो अवसर दिया है उसके लिए मैं पार्टी नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मैं सभी मित्रों को आश्वस्त करता हूं कि प्रधानमंत्री के दिए गए बीज मंत्र “सबका साथ, सबका विकास” का सदैव स्मरण व मनन करते हुए भाजपा को सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी बनाने की दिशा में पूरे समर्पण से कार्य करूंगा। मुझे पूरा विश्वास है कि मेरे साथी कार्यकर्ताओं का ऊर्जापूर्ण, समर्पित सान्निध्य व सहयोग सदैव की भांति मुझे प्राप्त होता रहेगा। एक बार पुनः आप सभी को शुभकामनाओं के लिए हृदय की गहराइयों से आभार व आपकी सहृदयता को हृदय से नमन। सोशल मीडिया पर मेरा आपसे संवाद निरंतर बना रहेगा।
'