Today Breaking News

दो सगे भाइयों पर हमला, ग्रामीणों ने एक हमलावर को मार डाला, दूसरा जख्मी

जमानियां। देवरिया खास गांव में एक बार फिर मंगलवार की शाम खूनी खेल हुआ। दो सगे भाइयों पर हमला हुआ। ग्रामीणों ने एक हमलावर को मौके पर ही मार डाला जबकि उसका साथी जख्मी हो गया। यह घटना पुरानी रंजिश का परिणाम बताया जा रहा है। अरविंद यादव(50) करीब चार बजे घर से पान खाने के लिए गांव की चट्टी पर पहुंचे। वहां पहले से मौजूद बाइक सवार दो युवकों ने उन पर गोली दागी। 

गोली अरविंद की पीठ में लगी। हमलावर दूसरी गोली मारने की वह तैयारी में ही थे कि आसपास मौजूद लोग उन्हें दौड़ा लिए।उनमें एक को मौके पर ही दबोच लिया गया। फिर ग्रामीण उस पर पिल पड़े। लाठी-डंडे का प्रहार कर उसका काम वहीं तमाम कर दिए। दूसरा हमलावर भागा लेकिन ताजपुर गांव के पास घेरेबंदी कर उसे भी पकड़ा गया। ग्रामीणों ने उसकी ठुकाई शुरू ही की थी कि पुलिस पहुंच गई। 

उसे आनन-फानन में कोतवाली भेज दिया गया। अरविंद यादव को जिला अस्पताल भेजा गया। उसके पूर्व करीब चार बजे अरविंद यादव के छोटे भाई नन्हकू यादव(40) को जिला मुख्यालय स्थित अकलपुरा(रौजा) पर गोली मारी गई। वह दूध बेचने आए थे। बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और ताबड़तोड़ उन पर तीन गोलियां दागे। एक गोली गर्दन को खंरोचते निकल गई जबकि दो गोलियां पेट तथा कमर में लगीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल से वाराणसी भेज दिया गया। संभव हो कि देवरिया में अरविंद यादव पर हमला करने वाले ही बदमाश नन्हकू को भी गोली मारे। मालूम हो कि बीते दस अगस्त को गांव के पूर्व प्रधान प्रतिनिधि संतोष राय उर्फ बबलू ने खुद को अपने ऊपर गोली चलाने का आरोप लगाया था। 

उसमें उन्होंने अरविंद यादव तथा उनके भाई समेत गांव की मौजूदा प्रधान प्रतिनिधि कमलेश राय के खिलाफ नामजद एफआइआर कराई थी लेकिन विवेचना में बबलू पर गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई। लिहाजा पुलिस उस एफआइआर को स्पंज कर दी थी। उसके पहले बबलू राय अरविंद यादव पर गोली चलाने के मामले में अभियुक्त है। वह घटना वर्ष 2005 में हुई थी। वह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। माना गया कि उसी मामले में अरविंद के खिलाफ पेशबंदी की कोशिश में बबलू ने खुद पर हमले की झूठी कहानी गढ़ी थी और अब एक ही दिन अलग-अलग अरविंद यादव तथा उनके भाई नन्हकू पर हमला पूरे इलाके को दहला दिया है। 

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस कप्तान सोमेन बर्मा जिला अस्पताल समेत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। हमलावरों की पहचान हो गई है। मृत हमलावर अनुभव राय नगसर थाने के नगसर गांव का रहने वाला है जबकि उसका घायल साथी शंकर राय पुत्र रामजी राय गहमर थाने के बसूका गांव का बताया गया है।
'