Today Breaking News

हाउस टैक्स की स्वकर प्रणाली को लेकर नागरिकों संग धोखा कर रही पालिकाः शम्मी

गाजीपुर। नगर के छोटी से लगायत बड़ी जनसमस्याओं तक को प्रमुखता से उठाने वाले प्रमुख समाजसेवी विवेक सिंह शम्मी ने अब हाउस टैक्स की स्वकर प्रणाली पर सवाल उठाया है। इसके लिए वह निर्णायक आंदोलन की तैयारी में हैं और इसमें जनसहयोग चाहते हैं। लिहाजा उन्होंने हस्ताक्षर अभियान चलाया है। इसकी शुरुआत सोमवार की सुबह कलेक्ट्रेट से की। कलेक्ट्रेट पर स्टाल लगाए। फिर महुआबाग में स्टाल लगा। दोनों स्टाल पर आम नागरिकों में उत्सुकता दिखी। लोग स्वतः पहुंच कर अपना हस्ताक्षर कर अपना विरोध दर्ज करा रहे थे। पहले दिन कुल 753 लोगों ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर श्री शम्मी ने बताया कि उनका लक्ष्य कम से कम दस हजार नागरिकों का हस्ताक्षर कराने का है। यह कार्यक्रम दस सितंबर तक चलेगा। 

हर रोज नगर के दो प्रमुख स्थानों पर स्टाल लगेंगे। नगरवासियों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन शासन को भेजा जाएगा। उसके बाद भी कुछ नहीं हुआ तो फिर कोर्ट की शरण ली जाएगी। उनका कहना था कि नगर पालिका लूट व भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। शहर में बुनियादी सुविधाओं से आम लोग वंचित हैं। दूसरी तरफ नगर पालिका सुविधाओं के नाम पर स्वकर के रूप में मनमाने तरीके से जनता से मोटी रकम की वसूल रही है। स्वच्छता अभियान का बस ढिंढोरा पीटा जा रहा है। नगर पालिका सफाई अभियान के नाम पर ठेकेदारों को ठेका देकर करोड़ों रुपये बर्बाद कर रही है। श्री शम्मी ने कहा कि स्वकर प्रणाली लागू करने से पहले शासनादेश की पूर्ण रूप से अनदेखी की गई। 

न तो नियमावली का पालन हुआ और न नगर की जनता को ही स्वकर प्रणाली के बारे में सही जानकारी उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि नियम के तहत नगर के समस्त भवन स्वामियों को अपने भवन का विवरण देना था। विवरण न देने पर नगर पालिका को नोटिस देकर आपत्ति मांगनी चाहिए थी। आपत्तियों का निस्तारण कर अगले वित्तीय वर्ष में नियमतः स्वकर प्रणाली लागू करना चाहिए था पर ऐसा नहीं हुआ। 

बल्कि नियमों को ताख पर रखकर भूस्वामियों को बिना कोई जानकारी दिये धन उगाही की नीयत से स्वकर प्रणाली जनता पर थोप दी गई। शम्मी के इस अभियान में पहले दिन खास यह रहा कि उन्हें साथी समाजसेवियों के अलावा राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिला। अभियान की शुरुआत के मौके पर पीस पार्टी के जिलाध्यक्ष आसिफ खां, भाकपा माले के कार्यालय सचिव योगेंद्र प्रताप भारती, शोषित समाज दल के जिलाध्यक्ष लूसा भारती, निषाद पार्टी के संयोजक अरविंद बिंद सहित सभासद द्वय संजय सिंह व संदीप श्रीवास्तव, पूर्व सभासद शौकत बाबू, सभासद प्रतिनिधि जेपी गुप्त, इंदीवर वर्मा, मोहित यादव, मोहम्मद इमरान, शुभम वर्मा, धर्मेंद्र सिंह तुलसी, मंगल, मनीष पांडेय, शशांक पांडेय, गौरव द्विवेदी आदि थे।
'