Today Breaking News

गाजीपुर: मनोज सिन्हा ने ली पुलिस लाइन में परेड की सलामी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर गणतंत्र दिवस पर शुक्रवार को मुख्य समारोह पुलिस लाइन में हुआ। संचार एवं रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने परेड की सलामी ली। फिर सलामी गारद का निरीक्षण किए। इस मौके पर अपने संक्षिप्त संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के उद्देश्यों की परिधि में सामाजिक समरसता और आर्थिक विषमता दूर करने का काम लगातार जारी है। इसके सार्थक परिणाम भी सामने हैं। आज भारत अखंड है। सामाजिक समरसता की धारा भी बह रही है। 

आर्थिक मामलों में भारत दुनिया का सातवां देश है जिसकी अर्थव्यवस्था सुदृढ़ है। इस मामले में भारत का भविष्य और उज्ज्वल है। चीन तथा जापान से भी भारत आगे निकल जाएगा। भारत की कूटनीति की ही देन है कि पहली बार भारत के गणतंत्रोत्सव में दस देशों के शासनाध्यक्ष और राष्ट्राध्यक्ष शामिल होने आए हैं। भारत की बाहरी और आंतरिक सुरक्षा को लेकर हमारे जवान पूरी तरह मुस्तैद हैं और उन्हीं की देन है कि हर भारतवासी चैन की नींद  सोता है। उनका कहना था कि भारत प्रगति की राह पर  है। 
इसे मंजिल तक पहुंचाने में सहयोग की नैतिक जिम्मेदारी आमजन की भी है। इसके लिए इस गणतंत्र दिवस पर सबको संकल्प लेना चाहिए। उसके पूर्व उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। फिर परेड की सलामी ली। परेड में पुलिस के सभी प्रभाग सहित पीएसी, एनसीसी के कैडेट भाग लिए। इसकी अगुवाई सीओ सिटी हृदयानंद सिंह ने की। पुलिस कप्तान सोमेन बर्मा ने सबको भारतीय संविधान को सुरक्षित तथा गरिमामयी बनाए रखने का संकल्प दिलाया।  इस मौके पर प्रमुख स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। 
इनमें उच्च प्राथमिक विद्यालय उचौरा, मरदह की बच्चियों ने डंबर तथा लेजिम की प्रस्तुति कर खूब वाहवाही बटोरी। उच्च प्राथमिक विद्यालय करंडा, गौरी शंकर पब्लिक स्कूल, मेरी सिटी एकेडमी, सेंट जांस, लूदर्स कान्वेंट, जवाहर नवोदय, शाहफैज, जी माउंट लिट्रा तथा सनसाइन पब्ल्कि स्कूल जमानियां के बच्चों की प्रस्तुति भी सराहनीय रही। जी डी ड्रिज्म डांस क्लासेज की बच्चियों ने बंदे मातरम् गीत प्रस्तुत किया। 

समारोह में विधायक अलका राय, डीएम के बालाजी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता देवब्रच चौबे, अखिलेश  सिंह, रेल राज्यमंत्री के निजी सचिव सिद्धार्थ राय, प्रतिनिधि सुनील सिंह, भाजपा मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा आदि प्रमुख लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में श्री सिन्हा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले हेड कांस्टेबल स्वतेंद्र प्रकाश को प्रशस्ती पत्र दिया। उनके अलावा एसआई राम अधार, कास्टेबल विनोद शंकर को सम्मानित किया गया और सराहनीय कार्य के लिए फायरमैन राजेन्द्र यादव को भी सम्मानित किया गया। पुलिस लाइन से पहले श्री सिन्हा भाजपा के जिला कार्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में हिस्सेदारी किए।
'