Today Breaking News

गाजीपुर नवली कांडः कार्रवाई की जद में आए पुलिस अधिकारियों के बचाव में आगे आई बसपा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर रेवतीपुर नवली कांड में पुलिस अधिकारियों पर हुई कार्रवाई पर बसपा आक्रोशित है। सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा की अगुवाई में पार्टी के नेता नवली पहुंचे थे। उन्होंने पीड़ित दलितों से घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्हें भरोसा दिया कि इस मामले में पार्टी उनके साथ पूरे दमखम से खड़ी है। 

इस मौके पर श्री कुशवाहा ने कहा कि पीड़ित दलितों की सुरक्षा और न्याय को लेकर पार्टी संघर्ष करेगी। पार्टी के चीफ जोनल कोआर्डिनेटर डॉ.आरके कुरील ने कहा कि पूरे घटनाक्रम में निष्पक्ष तरीके से काम करने वाले पुलिस अधिकारियों पर भाजपा के दबाव में प्रशासन ने हटा दिया। इससे साफ है कि भाजपा जानबूझ कर एक साजिश के तहत दलितों को दबाना-कुचलना चाहती है। 

नवली पहुंचने वालों में पार्टी के पूर्व सांसद अफजाल अंसारी तथा वरिष्ठ नेता अतुल राय वगैरह प्रमुख थे। मालूम हो कि बीते 19 जून की रात नवली गांव के दलित और ठाकुर आमने-समाने आ गए थे। फिर सुबह भी यही नौबत आई थी। तब भाजपा विधायक अलका राय व सुनीता सिंह धऱने पर बैठ गई थीं। उसके बाद रेवतीपुर के तत्कालीन एसओ व नायब दारोगा को निलंबित कर दिया गया था। एसएचओ दिलदारनगर को लाईन हाजिर करने के साथ ही प्रभारी सीओ जमानियां को हटा दिया गया था।

जिला मुख्यालय से मिली खबर के मुताबिक नवली पहुंचने से पहले आरएस कुशवाहा ने जिला मुख्यालय के गौसाबाद स्थित एक होटल में पार्टी नेताओं संग बैठक की। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गाजीपुर आए श्री कुशवाहा कहे कि पार्टी मुखिया मायावती ने उन्हें प्रदेश की जिम्मेदारी सौंप कर पिछड़े वर्ग खासकर कुशवाहा, मौर्य, शाक्य, सैनी, कोईरी समाज में विश्वास जताया है। 

प्रदेश अध्यक्ष ने योगी सरकार पर सीधे हमला बोला। कहे कि पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार, अत्याचार, अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। किसान बुनियादी जरूरतों के लिए खुदकुशी कर रहे हैं लेकिन योगी सरकार को इसकी चिंता नहीं है। वह जातिवाद, धर्मवाद और राममंदिर के नाम पर समाज के भाईचारे को तोड़ने पर आमादा है। नफरत फैलाई जा रही है। 

बैठक में चीफ जोन इंचार्ज विनोद बागड़ी, इंदल राम, अशोक गौतम, कालीचरण राजभर, विजय मिश्र, रितेश, संजय मौर्य, रामचंद्र गौतम, रमाशंकर राजभर, रामेश्वर कुशवाहा, आदित्य कुशवाहा, धनंजय मौर्य, गोपाल राय आदि भी मौजूद थे। संचालन जिलाध्यक्ष कमलेश गौतम ने किया।

'