वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा में बड़ी चूक, कारतूस लेकर टर्मिनल भवन पहुंचा किशोर
गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को सुरक्षा में बड़ी चूक देखने को मिली। एक किशोर .32 बोर का कारतूस लेकर एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल भवन में प्रवेश कर गया। सिक्योरिटी होल्ड एरिया में जाने से पहले जांच के दौरान कारतूस बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया गया। एयरपोर्ट पर हाईएलर्ट जारी है, इसके बाद भी इतनी बड़ी चूक सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा रही है।
देवरिया के बरहज निवासी एक किशोर हैदराबाद में बीएमएस क्रिकेट एकेडमी में ट्रेनिंग लेता है। इंडिगो एयरलाइंस के विमान संख्या 6ई-6624 से हैदराबाद जाना था। वह वाराणसी एयरपोर्ट पर चेक-इन एरिया तक पहुंच गया। सिक्योरिटी होल्ड एरिया में प्रवेश के दौरान जांच में कारतूस बरामद हुआ। कारतूस मिलते ही एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मियों ने उसे हिरासत ले लिया। कारतूस को भी कब्जे में लेकर अधिकारियों ने पूछताछ के बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी। एयरपोर्ट पर फूलपुर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह घर से बस से एयरपोर्ट आ रहा था। इसी दौरान उसे बस में कारतूस पड़ा मिला, जिसे उसने अपने पर्स में रख लिया। उसे यह जानकारी नहीं थी कि जांच के दौरान पकड़ा जाएगा। वह अपने कॅरियर को लेकर गुहार लगाता रहा। बता दें कि इसके पहले भी यहां कारतूस व असलहे के साथ यात्री पकड़े गए हैं। 12 जनवरी को बिहार के मझियावा निवासी ओमप्रकाश शर्मा के पास से कारतूस, 24 अगस्त 2018 को भदोही निवासी कुमुद सिंह के पास से और बलिया फेफना निवासी शुभम मिश्रा के पास से एक अक्टूबर 2018 को कारतूस बरामद किया गया था।
