कोरोना ड्राई रन का सीएम योगी ने किया निरीक्षण, बेड बढ़ाने के दिए निर्देश
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. कोरोना वैक्सीनेशन का दूसरा ट्रॉयल सफल रहा। पूर्व के ट्रॉयल की कमियों को दूर करने में स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह से कामयाब रहा। टीकाकरण की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोहिया संस्थान के एकेडमिक ब्लॉक पहुंचे। यहां टीकाकरण कक्ष से लेकर वेटिंग एरिया तक में जाकर देखा। टीकाकरण स्थल पर बेड बढ़ाने के निर्देश दिए।
लोहिया संस्थान : एकेडमिक ब्लॉक परिसर में दाखिल होते ही दो पुलिस कर्मी बैठे दिखे। जो हेल्थ वर्कर के नाम और उनके पहचान पत्रों की जांच कर रहे थे। सोशल डिस्टैंसिंग का पालन कराने में एक कर्मचारी की तैनाती थीं। जांच के बाद हेल्थ वर्कर को वेटिंग एरिया में भेजा जा रहा था। वहां डॉ. विनीता शुक्ला और स्वास्थ्य विभाग के नोडल ऑफिसर-डिप्टी सीएमओ डॉ. एपी सिंह हेल्थ वर्कर को हॉल में उनके तय स्थान पर बिठा रहे थे। दूसरे हॉल में दो बूथ पर टीकाकरण की सुविधा थीं। यहां से हेल्थ वर्कर को नम्बर के हिसाब से तय बूथ पर भेजा जा रहा था। टीकाकरण स्थल पर भी उनके पहचान पत्र संबंधी जांच की जा रही थी।
10.20 मिनट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की सूचना मिली। कुछ ही देर में वह टीकाकरण स्थल पहुंचे। उनके साथ चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, नवनीत सहगल, संस्थान के निदेशक डॉ. एके सिंह, सीएमओ डॉ. संजय भटनागर व एसडीएम ज्योत्सना यादव मौजूद रही। मुख्यमंत्री ने टीकाकरण स्थल से लेकर वेटिंग एरिया तक का जायजा लिया। उन्होंने संस्थान के निदेशक से पूछा टीकाकरण के बाद यदि किसी को कई दिक्कत हुई तो इलाज की क्या सुविधा है? इस पर निदेशक डॉ. एके सिंह ने तीन बेड का वार्ड दिखाया। उन्होंने बेड बढ़ाने के निर्देश दिए। निदेशक ने तीन के बजाए पांच बेड करने का फैसला किया। साथ ही दो बेड का वार्ड तीसरे तल पर बनाने की भी जानकारी दी।
एक दिन में कितनों का होगा टीकाकरण
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूछा एक दिन में कितने हेल्थ वर्कर का टीकाकरण होगा? इस पर निदेशक ने 900 हेल्थ वर्कर के टीकाकरण की जानकारी दी। निदेशक ने बताया कि नौ बूथ पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए टीकाकरण होगा। 2735 हेल्थ वर्कर संस्थान में हैं। तीन दिन में टीकाकरण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पीजीआई में मंगलवार को 50 स्वास्थ्य कर्मियों पर ड्राईरन का ट्रायल पूरा हुआ। इस बार कोई खामी सामने नही है। तय समय पर ड्राई रन शुरू हुआ। एक-एक स्वास्थ्य कर्मी को बारी बारी से बुलाया गया। रजिस्ट्रेशन, वैक्सिनेशन और परीक्षण तीनों चरणों पर इस बार सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त थी। जिसके चलते सबकुछ तय समय पर हुआ।
संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित अग्रवाल और चीफ नर्सिंग ऑफीसर कालिब सोलंकी की देखरेख में वैक्सीन के ड्राईरन का ट्रायल शुरू हुआ। मंगलवार को ड्राई रन में पीजीआई के स्थायी व संविदा कर्मियों को शामिल किया गया।
