कोरोना से संक्रमित बलिया के सीएमओ डॉ. जितेन्द्र पाल का पीजीआई में इलाज के दौरान निधन
गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. कोरोना से संक्रमित मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जितेन्द्र पाल की सोमवार को पीजीआई लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही जनपद में चहुंओर खासकर प्रशासनिक अधिकारियों व चिकित्सकों में शोक की लहर दौड़ गई। विगत 28 दिसम्बर को उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। बलिया में अचानक ऑक्सीजन लेवल गिरने के कारण चिकित्सकों की टीम ने उन्हें पीजीआइ रेफर कर दिया था।
प्रभारी सीएमओ डॉ. हरिनन्दन प्रसाद ने जागरण को बताया कि बलिया में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र पाल की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें सांस लेने में दिक्कत आ रही थी। फिर अचानक आक्सीजन लेवल गिरने लगा था। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीजीआई रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनके स्वास्थ्य में कुछ सुधार हुआ था किन्तु सोमवार की सुबह उनकी मौत हो गई। कोरोना से बलिया जिले में अब तक 102 लोगों की मौत हो चुकी है।
गौरतलब है कि दिवंगत सीएमओ डॉ. जितेन्द्र पाल मूलरूप से सन्त कबीरनगर के मूल निवासी थे। वर्तमान में मैत्रीपुरम, बिछिया जिला गोरखपुर आकर बस गए थे। इनकी तैनाती बलिया जिले में जुलाई 2020 में सीएमओ के पद पर हुई थी। उन्होंने पूर्व सीएमओ डॉ. पी.के. मिश्र से कार्यभार ग्रहण किया था।
