Today Breaking News

Ghazipur: नसरतपुर में डा. आंबेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त होने पर फूटा गुस्सा, प्रदर्शन

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बिरनो। नसरतपुर में डा. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त होने पर मंगलवार को अनुसूचित जाति के सैकड़ों लोगों ने आंबेडकर पार्क में प्रदर्शन किया। वहीं थानाध्यक्ष शशिचंद्र चौधरी व नायब तहसीलदार ने जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया तो इसे बाद ग्रामीण शांत हुए। उन्होंने टूटी प्रतिमा की मरम्मत कराई। इस मामले में आंबेडकर पार्क समिति के अध्यक्ष राजबली राम ने अज्ञात अराजकतत्वों के खिलाफ थाने में तहरीर दी।

नसरतपुर गांव के आंबेडकर पार्क में डा. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापित की गई थी। अराजक तत्वों ने सोमवार की रात में डा. आंबेडकर मूर्ति की अंगुली तोड़ दी। अगले दिन सुबह टूटी मूर्ति देखते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उसकी मरम्मत कराने की मांग को लेकर आंबेडकर पार्क में प्रदर्शन करने लगे। इसे लेकर गांव में तनाव हो गया। थानाध्यक्ष शशिचंद्र चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इधर, ग्रामीणों का कहना था कि डा. आंबेडकर की मूर्ति को अराजकतत्व चार बार तोड़ चुके हैं। उन्होंने मांग रखी की पार्क में चारों तरफ से ग्रिल लगाकर मूर्ति को सुरक्षित किया जाए। यहां पर सुरक्षा की दृष्टि से होम गार्डों की तैनाती होनी चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में शैलेश राम, वीरेंद्र राम, शैलेश यादव, राजेश यादव, चमन राम, हवलदार यादव, पन्नेलाल, सुभाष राम, सुब्बा राम आदि थे। उधर इस घटना के बाद क्षेत्र में हलचल मची हुई है। आखिर किसने इस घटना को अंजाम दिया इस बात को लेकर लोग तरह तरह के कयास लगा रहे हैं हालांकि पुलिस छानबीन में जुट चुकी है।

 
 '