Ghazipur: युवक की पिटाई पर बहरियाबाद थाने का किया घेराव
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बहरियाबाद, स्थानीय पुलिस पर फौलादपुर निवासी विनीत सिंह की पिटाई का आरोप लगाते हुए क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने रविवार को थाने का घेराव किया।
सैकड़ों की संख्या में लोगों बहरियाबाद थाना पहुंचे और विरोध करने लगे। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के थानों की पुलिस को भी तैनात कर दिया गया था। थाना पहुंचे सैदपुर सीओ राजीव द्विवेदी को जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने पत्रक सौंपा और विनीत का फिर से मेडिकल कराने के साथ थानाध्यक्ष व मुंशी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की। गत शुक्रवार की रात में विनीत सिंह बाजार से वापस घर जा रहे थे। इस बीच बहरियाबाद चौराहे के आगे कुछ लोगों में झगड़ा हो गया था जिसमें विनीत बीच-बचाव क रने लगे और इसी दौरान मारपीट हो गई थी। उसी वक्त प्यारेपुर जा रहे थानाध्यक्ष रामनिवास ने विनीत को पकड़ लिया था, जबकि मारपीट करने वाले भाग निकले थे। इसके बाद पुलिस ने विनीत की जमकर पिटाई की और थाने ले आई। विनीत का आरोप है कि थाने लाकर थानाध्यक्ष रामनिवास व मुंशी श्रवण कुमार ने उसकी बुरी तरह पिटाई की और अगले दिन मेडिकल कराकर 151 में चालान कर दिया। पुलिस के इस रवैये से क्षेत्रवासी आक्रोशित हो गए और रविवार को क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह के साथ नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव कर दिया। क्षेत्राधिकारी सैदपुर राजीव द्विवेदी ने बताया कि पुलिस उत्पीड़न मामले की जांच कर रिपोर्ट तीन दिनों के अंदर पुलिस अधीक्षक को सौंप दी जाएगी। जांच के दौरान दोषी पाए गए लोगों पर कार्रवाई होगी। पंकज सिंह, योगेंद्र सिंह, आलोक सिंह, जयप्रकाश सिंह, सोनू सिंह, सिटू सिंह, दुर्गा सिंह, संजय सिंह आदि रहे।
