Today Breaking News

सीटेट पेपर लीक कांड सुरसा के मुंह की तरह बढ़ता जा रहा, अब तक एक दर्जन गिरफ्तार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, आगरा. सीटेट पेपर लीककांड सुरसा के मुंह की तरह बढ़ता जा रहा है। आरोपियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। मुख्य आरोपित कौन है। यह अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों परीक्षार्थी हैं। पेपर वायरल किया था। आरोपियों में दो जीजा-साले हैं। अभी तक एक दर्जन गिरफ्तार हो चुके हैं। पेपर लीककांड सुरसा के मुंह की तरह बढ़ता ही जा रहा है। यह साफ नहीं हो सका है कि पेपर किस सेंटर से निकला था। हालांकि पुलिस को आशंका है कि पेपर तो गाजीपुर से ही आउट हुआ था। पुलिस को वहां रहने वाले रितेश की तलाश है।

31 जनवरी को सीटेट की परीक्षा आयोजित हुई थी। दो फरवरी को पेपर आउट का खुलासा हुआ था। लोहामंडी थाने में कोचिंग संचालक सहित पांच लोगों को पकड़ा गया था। उनसे पूछताछ के बाद दो और युवकों की गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस प्रतापगढ़ तक गई थी। एक आरोपित भदोही का भी पकड़ा गया था। शनिवार को अलीगंज एटा निवासी विवेक यादव और डिपंल यादव पकड़े गए थे। रविवार को पुलिस ने दीपक उर्फ वरुण प्रताप सिंह (सिकरौली, तिरवा कन्नौज), राजवीर (कुरावली, मैनपुरी) व अरविंद कुमार यादव (नगला राम सिंह, एटा) को गिरफ्तार किया। राजवीर सिंह रिश्ते में वरुण का जीजा लगता है। अरविंद को जिसने पेपर भेजा था। अब उसकी तलाश हो रही है। तीनों आरोपियों ने खुद सीटेट की परीक्षा दी थी। पेपर उन्हें व्हाट्स एप पर मिला था। बाद में उसे अपने साथियों को भेजा था।


एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि कड़ियां जोड़ने में थोड़ा समय लग रहा है। पुलिस उस सेंटर तक जरूरी पहुंचेगी जहां से पेपर आउट हुआ था। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस की एक टीम गाजीपुर में ही रुकी हुई है। पुलिस को वहां हॉस्टल में रहने वाले रितेश नाम के युवक की तलाश है। रितेश के एक दोस्त को पुलिस ने पकड़ा था। उसके पास भी मोबाइल में सीटेट का पेपर मिला था। उसने किसी को वायरल नहीं किया था। इसलिए बच गया था। पुलिस को यही लग रहा है कि पेपर गाजीपुर से ही आउट हुआ। हालांकि सिर्फ कयास है। हकीकत रितेश की गिरफ्तारी के बाद पता चलेगी। पुलिस की मानें तो इस मामले में अभी कई और लोग पकड़े जाएंगे। सभी को जेल भेजा जाएगा।


अब तक एक दर्जन गिरफ्तार

तीन फरवरी को कोचिंग संचालक सहित पांच लोग जेल भेजे गए। उनसे पूछताछ के बाद दो आरोपित और पकड़े गए। उनसे पूछताछ के बाद दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। अब तीन आरोपित पकड़े गए हैं। इस तरह अभी तक एक दर्जन पकड़े जा चुके हैं। सात पहले से जेल में थे। पांच को रविवार को जेल भेजा गया। आरोपित मैनपुरी, एटा, कन्नौज, प्रतापगढ़, भदोही, आगरा के निवासी हैं। गाजीपुर और कानपुर में दबिश दी जा रही है.

 
 '