जिस हाथ से लड़की को छेड़ा...पुलिस ने वही हाथ तोड़ा, 65 साल के बुजुर्ग ने की गंदी हरकत; लड़की ने दौड़ाकर पीटा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में एक 65 साल के बुजुर्ग ने बीच सड़क पर युवती से छेड़छाड़ की। उसे बैड टच किया। युवती ने दौड़ाकर बुजुर्ग को पकड़ लिया और उसे बीच सड़क पर पीटा। फिर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिर उसका वही हाथ तोड़ दिया, जिससे उसने छेड़छाड़ की थी।
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें आरोपी बीच सड़क लड़की को छेड़ता दिख रहा है। पुलिस ने भी एक वीडियो जारी किया, उसमें आरोपी का हाथ कांप रहा है। घटना खालापार कोतवाली क्षेत्र की है।
अब जानिए पूरा मामला...
सिटी सेंटर के बाहर रियाज (65) जा रहा था। वहां पर कुछ लड़कियां खड़ी थीं और भीड़-भाड़ थी। इसी बीच रियाज ने भीड़ का फायदा उठाकर एक युवती के बैक साइड में टच कर दिया और जाने लगा। लेकिन, युवती ने रियाज को यह करते देख लिया। उसने रियाज को दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद बीच सड़क पर ही जमकर पीटा। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
इसके बाद युवती ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए करीब 50 सीसीटीवी की फुटेज खंगालीं। इसके बाद पहचान होने पर आरोपी रियाज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में रियाज ने स्वीकार किया कि वह पहले भी कई बार ऐसी हरकतें कर चुका है। लेकिन, अभी तक किसी ने पुलिस में शिकायत नहीं की थी। इसी वजह से उसके हौसले बढ़ते गए। वह लगातार ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
पहले वीडियो में छेड़छाड़ करते दिख रहा... पुलिस ने जो सीसीटीवी खंगाले, उनमें से एक वीडियो में रियाज की पहचान हुई है। इसमें दिख रहा है कि सड़क किनारे कुछ लड़कियां ठेले से सामान खरीद रही हैं। तभी पीछे से रियाज आता है। उसके चेहरे पर लंबी दाढ़ी है। वह कुर्ता-पैजामा पहने है।
वह युवती से बिल्कुल सटकर निकलता है और उसे बैड टच करता है। जैसे ही युवती को इसका एहसास होता है, वह रियाज को दौड़ाकर पकड़ लेती है। सड़क पर ही 7-8 थप्पड़ लगा देती है। इसके बाद रियाज भाग जाता है। मौके पर लोगों की भीड़ लग जाती है।
दूसरे वीडियो में रियाज का टूटा हाथ दिख रहा... दूसरा वीडियो पुलिस ने जारी किया है। यह आरोपी रियाज की गिरफ्तारी के बाद का है। इस वीडियो में रियाज का वही हाथ टूटा दिख रहा है, जिससे उसने युवती के साथ छेड़छाड़ की थी। पुलिस ने आरोपी रियाज का हाथ तोड़ दिया है।
पुलिस ने 50 सीसीटीवी खंगाले सीओ सिटी राजू कुमार साव ने बताया- सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर एक युवती के साथ एक व्यक्ति ने दुर्व्यवहार किया। उसके हिप पर बैड टच किया। उसके बाद वह भाग रहा है। युवती उसका पीछा कर रही है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर बैड टच करने वाले व्यक्ति को ट्रैक करना शुरू किया।
करीब 50 सीसीटीवी देखे गए। इसके बाद आरोपी की पहचान रियाज के रूप में हुई। वह पान मंडी का रहने वाला है। उसको थाना खालापार पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ उसने अपना जुर्म कबूल किया है।