Today Breaking News

बसपा नेता अतुल राय का नाराः स्वच्छ जमानियां-स्वस्थ जमानियां

मतसा। सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह का पुराना नारा है जमानियां को जमाने से ऊपर ले जाना है। इस नारे के बूते वह जमानियां को कहां तक पहुंचाए यह तो खुद इलाकाई जनता को एहसास है लेकिन नगर पालिका चुनाव में उनके धुर राजनीतिक विरोधी बसपा नेता अतुल राय ने गुरुवार को नया नारा दिया। बोले-स्वच्छ जमानियां-स्वस्थ जमानियां। 

वह अपनी पार्टी के चेयरमैन पद के उम्मीदवार एहसान जफर रुमान के समर्थन में जमानियां नगर के कई वार्डों में सघन जनसंपर्क किए। वादा किए कि अगर उनकी पार्टी को मौका मिला तो फिर जमानियां नगर की काया पलट जाएगी। यह नगर स्वच्छ बनेगा और तब यहां के लोग स्वस्थ रहेंगे। नगर के पठान टोली, जमानियां कस्बा, जमानिया स्टेशन,  हरपुर,   नई बस्ती, मल्लाह टोला में पहुंचे। कहे कि बसपा के हाथ में नगर पालिका आई तो बेहतर सड़कें होंगी। शुद्ध पेयजल मयस्सर होगा। स्ट्रीट लाइटें रोशनी देंगी। 
महिलाओं के लिए बेहतर पिंक टायलेट की सुविधा होगी। उनकी पार्टी इसके लिए कृत संकल्पित रहेगी। इसके पूर्व श्री राय के पार्टी उम्मीदवार के चुनाव कार्यालय में पहुंचने पर माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों संग बैठक कर चुनाव रणनीति की समीक्षा की। कहे कि बसपा को लेकर आम नागरिकों में उत्सुकता है। उत्साह है। बस कार्यकर्ता इस माकूल हालात को वोट में बदलने की नैतिक जिम्मेदारी उठाएं। नगर निकाय का चुनाव अगले लोकसभा चुनाव की तस्वीर बनाएगी। इस मौके पर पार्टी की विधानसभा क्षेत्र इकाई के अध्यक्ष अमरेंद्र भारती,  नगर अध्यक्ष जमील मास्टर,  जिला पंचायत सदस्य धनंजय मौर्य आदि मौजूद थे।
'