Today Breaking News

गाजीपुर लंका मैदान सजकर तैयार, बस योगी आदित्यनाथ का इंतजार

गाजीपुर। दिनःशुक्रवार। स्थानः लंका मैदान। वक्तः दोपहर 12 बजे। भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह व्यस्त हैं। मुख्यमंत्री के मंच से लगायत जनसमूह के बैठने की व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। बीच-बीच में फोन पर वह निर्देश भी ले-दे रहे हैं। उधर मंच पर उनके सहयोगी महामंत्री ओमप्रकाश राय माइक संभाले हैं। बार-बार अधिकारियों, पुलिस कर्मियों को पार्टी की व्यवस्था के क्रम में साग्रह निर्देश दे रहे हैं। 

इसी क्रम में महामंत्री रामनरेश कुशवाहा, वरिष्ठ नेता नरेंद्र नाथ सिंह के वाहन को पुलिस वालों ने रोक दिया है। ओमप्रकाश राय पुलिस कर्मियों को कहते हैं कि उनके वाहनों को पार्किंग स्थल पर आने दें। इसी बीच एमएलसी विशाल सिंह चंचल तथा अपने पति परीक्षित सिंह के साथ जमानियां विधायक सुनीता सिंह इंटर कर चुकी हैं। इधर भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह, प्रदेश मंत्री योगेश सिंह सुबह से ही मैदान में पहुंच कर व्यवस्था में सहयोग दे रहे हैं। नगर निकायों के पार्टी उम्मीदवारों सहित समर्थक, कार्यकर्ता भी अब समूहों में आने लगे हैं। हर कोई अपने लिए निर्धारित स्थान पर बैठने लगे हैं। 

हैसियत के हिसाब से सबके लिए बैठने की अगल-अलग व्यवस्था की गई है। मैदान में पेयजल के लिए टैंकर एक ओर खड़े हैं। साथ ही सचल शौचालय की भी व्यवस्था है। केसरिया रंग में रंगा मंच फूल-माला से सज गया है। मैदान में भाजपा के झंडे भी लगे हैं। मंच से कुछ ही दूर मुख्यमंत्री के लिए स्विस कॉटेज व्यवस्था है। पुलिस के जवान जगह-जगह तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस अधिकारी अपने जवानों को जरूरी निर्देश दे रहे हैं। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे ब्लैक कैट कमांडो भी मुस्तैद हैं। 
उधर कार्यक्रम स्थल की ओर आने वाले सभी रास्तों पर गैर पासधारक वाहनों को रोक दिया गया है। कार्यक्रम में विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों को संबंधित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जा रहा है। लंका बस स्टैंड को खाली करा दिया गया है। बसें भुतहियाटांड़ से सवारी उठा-उतार रही हैं। लंका बस स्टैंड तथा लंका पेट्रोल पंप के पास क्रेन मौजूद हैं। ताकि यातायात व्यवस्था में जरूरत पर उनका फौरी इस्तेमाल किया जा सके। कार्यक्रम की व्यवस्था में जुटे भाजपा नेता बार-बार अपनी घड़ी भी देख रहे हैं। 

सबको मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने का इंतजार है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से दोपहर साढ़े 12 बजे उड़ेंगे और दो बजे लंका मैदान में उनका हेलीकॉप्टर उतरेगा। चुनाव रैली को संबोधित करने के बाद वह तीन बजे वाराणसी के लिए उड़ेंगे। वहां से शाम 5.20 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
'