गाजीपुर: चुनावी मोड में हैं मनोज सिन्हा और मुद्दा है विकास का
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर जमानियां संचार एवं रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा अब पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुके हैं और उनका मुद्दा जाति, मजहब नहीं बल्कि सिर्फ और सिर्फ विकास का है। इसका एहसास उन्होंने फिर कराया। अपने संसदीय क्षेत्र गाजीपुर के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को वह पहुंचे। पहला दिन उन्होंने जमानियां विधानसभा क्षेत्र के लिए दिया। कई जनसभाओं को वह संबोधित किए और हर जगह कमोवेश एक ही बात। यही कि देश के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने चार साल के कार्यकाल में देश के लिए क्या किया है। क्या उपलब्धि है और उनकी सोच क्या है। साथ ही वह खुद चार साल में गाजीपुर के लिए क्या किए हैं। क्या उपलब्धि है और उन्हें अभी और क्या करना है। उनकी पहली जनसभा कालनपुर में थी।
फिर गगरन, सायर और आखिर में बारा। इस मौके पर श्री सिन्हा ने कहा कि आजादी के बाद देश में जो कार्य नहीं हुए थे वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मात्र 48 माह में करके दिखा दिया। इन चार वर्षों में भारत के आर्थिक विकास को गति तथा मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के भ्रष्टाचार में लिप्त लोग ही आज मोदी के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। देश में हो रहे सर्वांगीण विकास से विपक्षियों को डर लगने लगा है कि कहीं उनके राजनैतिक अस्तित्व को जनता नकार न दे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा जब प्रचंड बहुमत से केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाई तब भ्रष्टाचार का साम्राज्य था पर अब देश की राजनीति का पैमाना बदला है। राजनीति की दिशा बदली है। देश बड़े बदलाव की ओर अग्रसर है।
गरीब आदमी के सुविधापूर्ण सुगम जीवन के प्रति सरकार ने योजनाबद्ध होकर कार्य किया है। किसानों की आय बढ़े। इसके लिए सरकार ने प्रयास किया है। सन् 1947 से लेकर 2014 तक जितने शौचालयों का निर्माण हुआ था उतना शौचालय का निर्माण मात्र 48 माह में केंद्र सरकार करके दिखा दी। सरकार का लक्ष्य है कि 2019 तक देश के हर घर तक बिजली पहुंचे। पहले ईंधन गैस शहरों तक उपलब्ध था लेकिन आज गांवों के रसोईघरों में पहुंच चुका है। श्री सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र की भी सुधि ली।
स्वर्णीम योजना आयुष्मान भारत के जरिये गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक का खर्च सरकार उठाएगी। फिर वह अपनी उपलब्धियों पर आए। कहे कि गाजीपुर हर क्षेत्र में उन्नति करे। सर्वांगीण विकास करे। उसके प्रति समर्पित होकर कार्य हो रहा है। 48 माह में जिले के अंदर अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। जिले की भौतिक संरचना में बड़ा परिवर्तन आया है। पूर्व सांसद विश्वनाथ सिंह गहमरी का सपना साकार हुआ है।
इस मौके पर श्री सिन्हा के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, महामंत्री ओमप्रकाश राय, रामनरेश कुशवाहा, सुनील सिंह, परिक्षीत सिंह, रमाकांत सिंह, अनिल कुमार राय बच्चन, रमाशंकर उपाध्याय, बृजनंदन सिंह बबलू, देवव्रत चौबे, सच्चिदानंद राय, प्रेमसागर राजभर, इतवारी राजभर, पंकज राय, संजय राय मंटू, लालता प्रसाद निषाद, विष्णु प्रताप सिंह, राजकुमार गुप्त, शिवशंकर कुशवाहा, मानवेंद्र सिंह, राजेश राय, जिला पंचायत सदस्य मनीष सिंह बिट्टू, रविंद्र गिरि, अशोक उपाध्याय, सुरेश चौधरी, नागेंद्र सिंह, अमित जायसवाल, रामअवध सिंह, मुरली कुशवाह, डॉ. कमरुद्दीन, श्रवण गुप्त आदि भी थे। इसी क्रम में श्री सिन्हा ने गगरन में प्राथमिक विद्यालय के 136 छात्र-छात्राओं को ड्रेस व बैग वितरित किया। फिर वह पचोखर गांव पहुंचे और अपने दिवंगत समर्थक के प्रति संवेदना जताना भी नहीं भूले। दौरे के अंतिम दिन आठ जुलाई को इसी तरह उनका कार्यक्रम सैदपुर विधानसभा क्षेत्र में लगा है।