Today Breaking News

गाजीपुर: सैदपुर विधायक सुभाष पासी को मुंबई से लोकसभा चुनाव लड़ाएगी सपा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर सैदपुर विधायक सुभाष पासी की मुंबई में पहचान को सपा ने भुनाने की पूरी तैयारी कर ली है। सपा उन्हें मुंबई की लोकसभा सीट (उत्तर पश्चिमी) से टिकट दी है। जहां श्री पासी कांग्रेस के जाने-माने नेता संजय निरुपम से मुखातिब होंगे। हालांकि इस सिलसिले में श्री पासी से संपर्क नहीं हो पाया लेकिन उनके अति करीबी सपा के वरिष्ठ नेता देवराज सिंह ठाकुर ने बताया कि श्री पासी की  पार्टी मुखिया अखिलेश यादव से मंत्रणा हुई है। उनका मुंबई की संसदीय सीट से लड़ना तय है। ऐन चुनाव के मौके पर सैदपुर विधायक के मुंबई प्रवास की खबर बसपा को हैरान करने वाली है। 

मालूम हो कि गाजीपुर संसदीय क्षेत्र के लिए बसपा की ओर से प्रभारी घोषित पूर्व सांसद अफजाल अंसारी ने सैदपुर में बीते सोमवार को श्री पासी संग साझी बैठक रखी थी लेकिन श्री पासी की अनुपलब्धता के चलते यह बैठक 31 अप्रैल के लिए टाल दी गई है। उधर श्री पासी के मुंबई की राजनीति में सक्रिय होने से सैदपुर के सपाइयों में भी उनके विकल्प पर चर्चा शुरू हो गई है। अगर वह मुंबई से सांसद चुने गए तो सैदपुर विधान सभा सीट (सुरक्षित) खाली हो जाएगी तब सपा में उसका प्रतिनिधित्व कौन करेगा। 

इसका जवाब सपा नेता देवराज सिंह ठाकुर ने दिया- अगर यह स्थिति आती है तो श्री पासी की पत्नी रीना पासी और उनके बेटे राहुल पासी भी काबिल हैं। वैसे तो सैदपुर क्षेत्र के डीलिया गांव के मूल निवासी सुभाष पासी की कर्मभूमि पहले मुंबई ही रही है। पहली बार गाजीपुर के लोग उन्हें वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव के वक्त जाने थे। तब कांग्रेस उन्हें विधानसभा की सादात सीट से लड़ाई थी। बाद में वह सपा में चले गए थे और सपा उनको वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में सैदपुर सीट से लड़ाई थी। वह शानदार वोटों से अपनी जीत दर्ज कराए थे उसके बाद सपा उन्हें दोबारा 2017 के विधानसभा के चुनाव में भी सैदपुर सीट से मौका दी। फिर वह कामयाब हुए।

'