Today Breaking News

गाजीपुर: भाजपा प्रत्याशी मनोज सिन्हा ने किया रोड शो

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को रेल राज्यमंत्री व भाजपा प्रत्याशी ने नगर में पैदल ही रोड शो किया। मिश्र बाजार से निकले रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा। नगर इकाई द्वारा अचानक आयोजित इस रोड शो में देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जुड़ गए। सभी मोदी-मोदी व मनोज सिन्हा जिन्दाबाद का नारा लगाते हुए तीखी धूप में पैदल ही चल रहे थे।

मिश्र बाजार के भट्ट काम्प्लेक्स से शुरू हुआ रोड शो लालदरवाजा, महाजन टोली, गांधीपथ, चीतनाथ घाट, नखास के रास्ते नवाब साहब फाटक पर जाकर सभा में परिवर्तित हो गया। रोड शो के रास्ते में जगह-जगह महिलाओं व पुरुषों द्वारा पुष्प वर्षा व माल्यार्पण कर मनोज सिन्हा का जोरदार किया गया। मनोज सिन्हा हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करते रहे। करीब एक किलोमीटर तक शहर की सड़कों पर भगवा पगड़ी ही दिख रही थी। तासे की धुन पर युवा कार्यकर्ता थिरक भी रहे थे। 

नबाब साहब फाटक पर सभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि पिछले दस दिनों के माहौल देखें तो इस बार जिले में जातिवादी की दीवार ढहने वाली है। पूरे जनपद में सिर्फ विकास की लहर है और सभी मतदाता विकास के मुद्दे पर वोट करने मन बना लिए हैं। सभा को पसमांदा समाज के कदीर रायनी, स्वर्ण समाज के कैलाश नाथ वर्मा, व्यापार मंडल के विजय शंकर वर्मा आदि थे।
'