Today Breaking News

पार्टी के प्रदेश मंत्री के सामने फट पड़े जहूराबाद के भाजपा कार्यकर्ता

बाराचवर। पार्टी प्रदेश मंत्री महेश श्रीवास्तव के सामने कार्यकर्ताओं का पीड़ा फूट पड़ी। उनकी सुनने के बाद प्रदेश मंत्री ने आश्वस्त किया कि उनकी भावनाओं का ख्याल रखा जाएगा। शिकायतें दूर होंगी। आरएस कान्वेंट स्कूल में शुक्रवार को बाराचवर मंडल की हुई बैठक में प्रदेश मंत्री महेश श्रीवास्तव मौजूद थे। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है। हर धर्म, जाति और वर्ग को बराबर का सम्मान देती है। यही वजह है कि कार्यकर्ता भी पार्टी के लिए पूरी ईमानदारी से काम करते हैं। 

कार्यकर्ताओं की ही देन है कि केंद्र और प्रदेश में आज भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार है। उन्होंने कहा कि उनका बाराचवर आने का मतलब यही है कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना जाए। उन्हें दूर करने का प्रयास हो। ताकि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ता उसी तरह अपनी पूरी ऊर्जा के साथ पार्टी की जीत सुनिश्चित कराएं। बैठक में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय ने बाराचवर बीडीओ धनंजय सिंह की बात उठाई। कहे कि बीडीओ आवास योजना में प्रत्येक लाभार्थी से दस हजार रुपये वसूलते हैं। उसके बाद ही उसके खाते में योजना की राशि भेजते हैं। 

बिजली विभाग के कर्मचारियों में कोई सुधार नहीं हुआ है। जले ट्रांसफार्मर बदलने में हीलाहवाली हो रही है। कई जगह एक माह से ट्रांसफार्मर जले हैं। विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बाद भी उन्हें नहीं बदला गया है। उनके इस रवैये से प्रदेश सरकार की किरकिरी हो रही है। वरिष्ठ नेता बीरेंद्र नाथ राय ने जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र में सहयोगी पार्टी भासपा के व्यवहार पर असंतोष जताया। कहे कि भासपा से भाजपा का गठबंधन है। जहूराबाद विधायक भासपा के हैं लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं की एक नहीं सुन रहे हैं। 

कई बार ऐसे भी मौके आ चुके हैं कि किसी मामले को लेकर भासपा और भाजपा के लोग आमने-सामने हो चुके हैं। यह तब नौबत है जब भाजपा के लोगों ने गठबंधन के तहत भासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को पहली बार विधानसभा में भेजने का काम किया। आज वह प्रदेश सरकार के मंत्री हैं लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं की घोर उपेक्षा कर रहे हैं। बल्कि श्री राय ने तो यहां तक सुझाव दिया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र नाथ पांडेय को कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जाए ताकि जहूराबाद क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं की पूछ बनी रहे। 

उनका सम्मान बना रहे। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने श्री राय की इस बात का निहितार्थ यही निकाला कि वह श्री पांडेय को एमएलसी बनाने की बात कह रहे हैं। शायद यही वजह रही कि कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश से तालियां बजा कर उनकी बात का समर्थन किया। बैठक में मौजूद जितेंद्र नाथ पांडेय भी कार्यकर्ताओं के मन को सहलाने से पीछे नहीं हटे। कहे-जहूराबाद के भाजपा कार्यकर्ता सम्मानित, समर्पित कार्यकर्ता हैं। इनके सम्मान के लिए मैं बराबर तत्पर रहता हूं। इनके सम्मान को कभी मैं गिरने नहीं दूंगा। चाहे इसके लिए मुझे कुछ भी करना पड़े। बैठक में जिला महामत्री प.श्यामराज तिवारी, वासुदेव पांडेय, श्रीनिवास सिंह, विजय नारायण शर्मा, मनोज तिवारी, डॉ. राधेशयाम कुशवाहा, ग्राम प्रधान राघवेंद्र सिंह, जमेदार गोंड, टनमन सिंह, भीष्मदेव सिंह, देवेंद्र सिंह आदि थे। अध्यक्षता डॉ.रामकरन बिदं तथा संचालन ब्लाक महामत्री शिवजी सिंह ने किया।
'