Today Breaking News

सीएम के सपनों को सच करेंगे नवागत डीएम

गाजीपुर नवागत जिलाधिकारी के बालाजी ने शुक्रवार की देर रात कोषागार में पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद शनिवार को उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की योजनाओं को जमीन पर उतारना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। जल्द ही ऋण मोचन योजना से किसानों का एक लाख रुपये का कर्ज माफ किया जाएगा। इसकी तैयारी के निर्देश दे दिए गए हैं। कृषि विभाग को इसकी तैयारी में जुटने को कहा गया है। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन से गली मुहल्लों एवं गांवों को साफ सुथरा बनाने की अपील जिले के लोगों से की।

नवागत डीएम इससे पहले शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास एवं जल प्रबंधन योजना के प्रशासक थे। यहां के जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री का स्थानांतरण इसी पद पर रायबरेली के लिए किया गया है। वह यहां पर करीब 18 माह तक अपनी सेवाएं दी थीं। उन्होंने कुछ ऐसे कार्य किए जिसे जिले के लोग याद कर रहे हैं। नवागत डीएम ने हिन्दुस्तान से खास बातचीत में बताया कि उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता सुचारू रूप से ऋण मोचन के पात्र किसानों का कर्ज माफ करा दें। इसके लिए बैंकों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। 

साथ ही जिले की बड़ी बड़ी सड़कों की परियोजनाओं को समय से पूरा कराया जाएगा। इसके लिए जल्द वह एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी एवं आरईएस के साथ विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं के साथ बैठक करेंगे और उन परियोजनाओं को समय से पूरा कराने का निर्देश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व जिलाधिकारी ने भी अच्छा काम किया है। उनकी नई दिशा को प्राइमरी स्कूलों में सख्ती और बेहतरी से लागू किया जाएगा। उन्होंने जिले के लोगों की समस्याओं पर कहा कि शासन की मंशा के अनुसार काम होंगे। हर व्यक्ति की शिकायतें ठीक ढंग से निस्तारित होंगी। विभागों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लाएंगे।

'