Today Breaking News

मुसहर परिवार पर दबंगों का कहर, फूंक दी दो रिहायसी झोपड़ियां, फायरिंग कर चलते बने

सैदपुर। औड़िहार खुर्द की मुसहर बस्ती में शनिवार की देर रात अच्छेलाल पर दबंगों का कहर बरपा। दबंगों ने उनकी दो रिहायसी झोपड़ियां फूंक दी। उसमें बकरी, सूअर समेत नकदी और गृहस्थी के सारे सामान जल कर राख हो गए। उसके पहले दबंगों ने फायरिंग भी की। मौके पर पहुंची पुलिस को कारतूस के दो खोखा मिले। इस मामले में पांच के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। 

दो को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। अच्छेलाल का रास्ते को लेकर बगल की यादव बस्ती के लोगों से विवाद चल रहा है। कई बार दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके हैं। पीड़ित अच्छेलाल ने बताया कि वह रात में अपनी पत्नी तथा दो पौत्रियों को लेकर झोपड़ी के बाहर सो रहे थे। उसी बीच लाठी-डंडे तथा तमंचा से लैस यादव बस्ती के पांच लोग पहुंचे और गालियां देते हुए उन्हें ढूंढ़ने लगे। उनकी नीयत भांप वह अंधेरे में खिसक लिए। तब दबंगों ने पिस्तौल से झोपड़ी में दो गोली दागी। 

उसके बाद दोनों झोपड़ियों को आग के हवाले कर दिए। फिर वह गालियां देते हुए चलते बने। उसके बाद उन्होंने यूपी-100 को फोन पर सूचना दी। कुछ देर बाद कोतवाल शरदचंद्र त्रिपाठी भी मय फोर्स पहुंचे। अच्छेलाल का कहना था कि संयोग था कि वह परिवार के सदस्यों के साथ बाहर सोए थे। 

नहीं तो उनके साथ कुछ भी हो सकता था। सुबह मौके पर पहुंचे सीओ सर्वेश मिश्र ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। लेखपाल अजीत सिंह ने भी नुकसान का जायजा लिया। भाकपा माले के नेता नंदकिशोर बिंद पीड़ित परिवार को लेकर कोतवाली आए। तहरीर दिलवाए। साथ ही एसडीएम सत्यम मिश्र से भी मिल कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आग्रह किए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो फिर आंदोलन होगा।
'