Today Breaking News

अपने ही राज में भ्रष्टाचार से भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश, जिला मुख्यालय पर किए प्रदर्शन

गाजीपुर। अपने ही राजपाट में थाना, तहसील में चल रहे भ्रष्टाचार से भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को ग्रामीणों संग भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उनकी अगुवाई कर रहे भाजयुमो नेता अश्वनी कुमार राय ने कहा कि करीमुद्दीनपुर थाना में पासपोर्ट के आवेदन वेरिफाई के नाम पर वसूली हो रही है। 

विरोधियों से मिलीभगत कर करीमुद्दीनपुर पुलिस ग्राम प्रधानों को नाहक परेशान कर रही है। इस सिलसिले में प्रदर्शनकारियों ने एसपी को शिकायती पत्र सौंपा। प्रदर्शकारियों में आशुतोष राय, रामअवध, ब्रजेश राय, आशीष राय, नारायण राय, मनोज कुमार राय आदि प्रमुख थे। बाद में गाजीपुर न्यूज़ से बातचीत में पुलिस कप्तान सोमेन बर्मा ने बताया कि करीमुद्दीनपुर थाना की शिकायतें मिली हैं। जहां तक ग्राम प्रधानों को नाहक प्रताड़ित करने की बात है तो वह अपने स्तर से इसकी जांच कराएंगे। रही बात पासपोर्ट वेरिफाई के नाम पर वसूली की तो इसके लिए एसडीएम से जांच कराई जाएगी। पासपोर्ट वेरिफिकेशन का टाइम तय है। उसके बाद भी देर होती है तो कार्रवाई संभव है।
'