Today Breaking News

गाजीपुर - रन फॉर यूनिटीः नगर के भाजपाइयों ने कटवा दी नाक!

गाजीपुर। लौह पुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती पर भाजपा का बहुप्रचारित रन फॉर यूनिटी का शो एकदम फ्लाप रहा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत यह दौड़ लंका स्थित अंबेडकर पार्क से शुरू होकर कलेक्ट्रेट होते हुए आमघाट सहकारी कॉलोनी के गांधी पार्क तक होनी थी। पार्टी के नगर नेतृत्व को उम्मीद थी कि इसमें सैकड़ों लोग हिस्सेदारी करेंगे। 

इसकी एक वजह नगर पालिका परिषद का चुनाव भी था। माना जा रहा था कि चेयरमैन से लगायत सभासद पद के टिकटार्थी इस दौड़ में अपना पूरा दमखम लगा देंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। संख्या 50 भी नहीं पूरी हो पाई। देखा जाए तो महज खानापूर्ति ही हुई। 
गांधी पार्क के बजाय यह दौड़ सरजू पांडेय पार्क में ही खत्म हो गई। अपेक्षाकृत संख्या बल नहीं होने के सवाल पर नगर पालिका के निर्वतमान चेयरमैन विनोद अग्रवाल ने कहा कि अव्वल तो सबको सूचना नहीं हो पाई थी। दूसरे सुबह का पहर होने के कारण लोग तत्परता नहीं दिखाए। 
दौड़ में श्री अग्रवाल के अलावा पार्टी नगर अध्यक्ष रासबिहारी राय, रेल राज्यमंत्री के प्रतिनिधि सुनील सिंह, अर्जुन सेठ, प्रमोद अग्रवाल, अखिलेश सिंह, अजय कुशवाहा, समरेंद्र सिंह, अमरनाथ दूबे, शैलेंद्र सिंह, कृष्णकांत सिन्हा, राकेश त्यागी, सरिता अग्रवाल आदि थे। उधर पटेल जंयती को सरकारी स्तर पर अखंडता दिवस के रूप में मना। संचार एवं रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने दिल्ली में डाक भवन में विभागीय कर्मियों को राष्ट्र की एकता और अखंडता अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प दिलाया। इसी क्रम में गाजीपुर के पुलिस कप्तान सोमेन बर्मा ने अपने विभागीय कर्मियों को यह शपथ दिलाई।
'