Today Breaking News

पहली बार गाजीपुर नगर पालिका चेयरमैन की कुर्सी महिला के हवाले

नगर निकायों के चेयरमैन पद की आरक्षण सूची जारी, पहली बार गाजीपुर नगर पालिका चेयरमैन की कुर्सी महिला के हवाले
गाजीपुर। नगर निकायों के चेयरमैन के आरक्षण की सूची गुरुवार को शासन ने जारी कर दी। गाजीपुर में कुल आठ नगर निकाय हैं। इनमें गाजीपुर नगर पालिका परिषद के चेयरमैन पद पर पहली बार कोई महिला विराजमान होगी। सूची के मुताबिक यह पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। उधर मुहम्मदाबाद तथा जमानियां नगर पालिका परिषद चेयरमैन पिछड़ा वर्ग के लिए सुरक्षित कर दिया गया है। 

इसी तरह गाजीपुर की पांच नगर पंचायतों में जंगीपुर तथा बहादुरगंज नगर पंचायत की चेयरमैन पिछड़ी जाति की महिला के लिए आरक्षित है जबकि सैदपुर चेयरमैन का पद सामान्य महिला के खाते में गया है। उधर दिलदारनगर तथा सादात चेयरमैन पद पिछड़ा वर्ग के लिए सुरक्षित किया गया है। 

प्रदेश के स्थानीय निकाय निदेशालय के विशेष सचिव शैलेंद्र सिंह की ओर से जारी इस आरक्षण सूची पर 20 अक्टूबर की शाम पांच बजे तक आपत्तियां मांगी गई हैं। आपत्तियां निदेशालय के मुख्यालय लखनऊ में आठवां तल इंदिरा भवन में दर्ज कराई जाएंगी। निदेशालय मुख्यालय का फोन नंबर 0522-2287234 तथा फैक्स नंबर 0522-2288875 है। निश्चित तिथि और समय के बाद आपत्तियां स्वीकार्य नहीं होंगी। उसके बाद आपत्तियों का निस्तारण कर आरक्षण की अंतिम सूची जारी होगी। 

इधर नगर पालिका क्षेत्रों में चेयरमैन के आरक्षण की आई सूची के बाद संभावित उम्मीदवारों ने रणनीति बदलने की तैयारी शुरू कर दी है। सबसे ज्यादा सरगर्मी गाजीपुर नगर पालिका परिषद के चेयरमैन को लेकर है। निवर्तमान चेयरमैन विनोद अग्रवाल को दोबारा भाजपा मौका देगी तो वह अपनी पत्नी सरिता अग्रवाल को मैदान में उतारेंगे। उनके अलावा भाजपा के अन्य दावेदारों में अखिलेश सिंह अपनी पत्नी पूनम सिंह पर दांव लगाने की सोच रहे हैं। 

उधर लगातार कई चुनावों में ठीक से टक्कर देने वाले बसपा नेता शरीफ राइनी भी मैदान छोड़ने के तैयार नहीं हैं। बताए कि परिवार के सदस्यों से सलाह मशविरा के बाद अपनी पुत्रवधू को उम्मीदावर बनाएंगे। सपा के टिकट पर पिछला चुनाव लड़े दिनेश यादव आरक्षण की दशा में अपनी दावेदारी वापस ले ली है। पिछले चुनाव में निर्दल उम्मीदवार विवेक सिंह शम्मी अपनी मां प्रेमा सिंह अथवा पत्नी दिप्ती सिंह को उम्मीदार बनाएंगे। प्रेमा सिंह पूर्व सांसद स्व. विश्वनाथ सिंह गहमरी की पुत्री हैं जबकि पिछले चुनाव में अंसारी बंधुओं के उम्मीदवार रहे विक्रम अग्रहरि ने फिलहाल कुछ भी बताने में असमर्था जताई। 
'