Today Breaking News

गाजीपुर: कांग्रेसियों ने मनाया सोनिया गांधी का जन्मदिन

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर कांग्रेसियों ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का जन्मदिन शनिवार को मनाया। कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सोनिया गांधी के दीर्घायू होने की कामना की गई। जिलाध्यक्ष डॉ.मारकंडेय सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी की अगुवाई में कांग्रेस बहुत मजबूत हुई। वह देश की ऐसी नेता हैं जिन्होंने प्रधानमंत्री की कुर्सी को त्याग कर दुनिया के लिए एक अनुकरणीय मिसाल पेश की। 

आज की भारतीय राजनीति में कुर्सी के लिए दूसरे राजनीतिक दल हर मर्यादा, सिद्धांत, आचरण को छोड़ने में परहेज नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में कांग्रेस के बढ़ते जनाधार से भाजपा बेचैन हो गई है। वह हर हथकंडे आजमा रही है लेकिन वहां सोनिया गांधी के निर्देशन में भावी राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की कड़ी मेहनत से भाजपा नेताओं के भी पसीने छूटने लगे हैं। यहां तक कि खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूरा वक्त देना पड़ रहा है। शहर अध्यक्ष शफीक अहमद ने कहा कि सोनिया गांधी महान नेता हैं। 

उन्होंने भारत की अखंडता और सुरक्षा के लिए अपनी सास इंदिरा गांधी तथा पति राजीव गांधी की कुर्बानी दी है। कार्यक्रम में अखिलेश्वर प्रसाद सिंह, अवधेश राय शास्त्री, बटुक नारायण मिश्र, अखिलेश राय, लाल साहब यादव, रविकांत राय, आशुतोष गुप्त, अहमद जमाल जैदी, हामिद सिद्दीकी, पंकज दूबे, विश्वनाथ जायसवाल, राजेश उपाध्याय आदि थे। उधर युवक कांग्रेस के लोगों ने भी सोनिया गांधी का जन्मदिवस पर कांग्रेस को और मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आशुतोष गुप्त ने की।
'