Today Breaking News

गाजीपुर: बिना फाग लाइट व टूटे हुए खिड़की के साथ दौड़ रही रोडवेज बसें

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर इस समय जिले में भीषण सर्दी पड़ रही है साथ ही कोहरा भी पड़ रहा है। इसके बावजूद अब तक गाजीपुर डिपो की सभी बसों में फाग लाइट नहीं लगवाई गई है। यदि अधिकारियों ने इस समस्या का समय रहते समाधान नहीं कराया तो किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है। जनपद में अचानक सर्दी का असर बढ़ गया है। 

तापमान घटने व हवाओं से भीषण सर्दी हो रही है। साथ ही देर रात से दोपहर तक घना कोहरा पड़ रहा है। इसके बावजूद परिवहन निगम के अधिकारियों की लापरवाही के चलते डिपो की सभी बसों में फाग लाइट नहीं लगवाई गई हैं। इस समय जनपद में भीषण सर्दी पड़ रही है। ऐसे में डिपो की कई बसें बिना शीशे के यात्री को ढो रही हैं। शीशे न होने से सर्दी के मौसम में यात्रियों को ठिठुरते हुए यात्रा करनी पड़ती है। 

इसके बावजूद परिवहन निगम के अधिकारी बसों में शीशे नहीं लगवा रहे हैं। गाजीपुर डिपो में 70 से अधिक बसें हैं। इनमें से कई बसों की हालत ठीक नहीं है। उनके शीशे आदि टूटे हैं। यह बसें यात्रियों को लेकर विभिन्न मार्गों पर फर्राटा भर रही हैं। सर्दी के चलते इन बसों से यात्रा करने में लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बसें चलने पर टूटी हुई खिड़कियों से तेजी से सर्द हवाएं बस के अंदर घुसती हैं। 

इससे यात्रियों को परेशानी होती है। एक बस का तो चालक के सामने वाला शीशा ही टूट गया। सामने का शीशा टूटा होने से चालक सहित पूरी बस के यात्रियों को सर्दी का सामना करना पड़ता है। इससे यात्री सर्दी की चपेट में आ जाते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को होती है।
'