Today Breaking News

गाजीपुर: निजी सचिव ने सुनाई उनकी दर्द भरी दास्तान, मदद करने झट पहुंच गए मनोज सिन्हा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर यूं तो संचार एवं रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा अपने संसदीय क्षेत्र गाजीपुर के समग्र विकास में लगे हैं पर निराश्रितों, जरूरतमंदों की निजी मदद भी उनकी प्राथमिकता में है। इस नेक काम के पीछे उनके निजी सचिव सिद्धार्थ राय की भी अहम भूमिका है। वही ऐसे जरूरतमंदो, निराश्रितों को ढूंढ़ते हैं और तब श्री सिन्हा उन तक मदद लेकर पहुंच जाते हैं। रविवार को भी ऐसा ही एक वाकया हुआ। एक दिवसीय दौरे पर आए श्री सिन्हा पूर्व घोषित कार्यक्रमों में हिस्सेदारी के बाद पहुंचे सदर ब्लाक के रघुनाथपुर गांव। अपने निजी सचिव से उनको पता चल था कि उस गांव में दलित राजदेव राम का परिवार ऐसा है जो मुखिया से लगायत महिला सदस्य तक दिव्यांग हैं। पूरा परिवार एक झोपड़ी में रहता है। शौच के लिए उन्हें तमाम दुश्वारियां झेलनी पड़ती हैं।

जिला मुख्यालय से कार्यक्रम के समापन के बाद जब श्री सिन्हा का काफिला रघुनाथपुर के लिए कूच किया तो बहुत से प्रशासनिक अधिकारी समझ नहीं पाए कि मंत्रीजी का अचानक यह कार्यक्रम क्यों और कैसे बन गया। श्री सिन्हा रघुनाथपुर पहुंच कर सीधे दिव्यांग परिवार के घर गया। पांवों से दिव्यांग राजदेव राम को उन्होंने ट्राई साइकिल और दृष्टदोष से पीड़ित उनकी पत्नी तेजा देवी को इलेक्ट्रानिक छड़ी दिए। उसके बाद परिवार को न सिर्फ शौचालय की मंजूरी के कागजात सौंपे बल्कि खुद फावड़ा चला कर उन्होंने उसकी नींव की शुरुआत भी कर दी। फिर राजदेव की दृष्टदोष से ग्रसित पुत्रवधू को इलेक्ट्रानिक छड़ी दिए। 

आवास आवंटित कराने का भी भरोसा दिए। अपने लिए अचानक ऐसी बुनियादी मदद पाकर पूरा परिवार गदगद था। बल्कि गृहस्वामिनी के आंखों में खुशी के आंशू तक निकल आए। उन्हें एकबारगी यकीन ही नहीं हो रहा था कि कोई केंद्र का मंत्री उनके जैसे दुखियारी परिवार के दरवाजे पर मदद को आएगा। परिवार के इकलौते चिराग शिवकुमार मूक-बधिर है जबकि उसकी पत्नी प्रतिभा पैर-हाथ से दिव्यांग है। ऐसे परिवार को मदद मिलने से गांव के लोग भी श्री सिन्हा को सराह रहे हैं। इस मौके पर विधायक डॉ.संगीता बलवंत के अलावा जय प्रकाश राय,  कल्पनाथ सिंह कुशवाह,  मनोज बिंद, अच्छेलाल गुप्त सहित पीडी, डीपीआरओ आदि संबंधित अधिकारी भी श्री सिन्हा के साथ थे।

'