Today Breaking News

गाजीपुर: रुद्रा पांडेय कभी बसपा की थीं झंडाबरदार और अब बनीं भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर कभी बसपा का झंडा थामने वाली रुद्रा पांडेय को भाजपा ने महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष पद सौंप दिया है। मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष दर्शना सिंह ने काशी क्षेत्र के जिलाध्यक्षों की सूची जारी की है। उसमें गाजीपुर के लिए रुद्रा पांडेय का नाम है। भाजपा की जिला इकाई प्रदेश नेतृत्व को महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष के लिए तीन नाम प्रस्तावित की थी। उनमें सबसे ऊपर रुद्रा पांडेय का ही नाम था। जाहिर है कि प्रदेश नेतृत्व ने जिला इकाई की इच्छा पूरी करते हुए रुद्रा पांडेय के नाम पर मुहर लगा दी है। नंदगंज क्षेत्र के देवथियां गांव की रहने वाली रुद्रा पांडेय वर्ष 2009 के संसदीय चुनाव में बसपा की नेता थीं। तब गाजीपुर संसदीय क्षेत्र में उनकी होर्डिंग, पोस्टर दिखते रहते थे लेकिन वर्ष 2014 के चुनाव में वह भाजपा से जुड़ गईं। अब जबकि महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बन गई हैं तो उनके  समर्थक खुश हैं। हालांकि उनसे पहले से भाजपा में काम करने वाली महिला कार्यकर्ताओं में रुद्रा पांडेय को मात्र साढ़े चार साल में ही जिले की कप्तानी दिए जाने से फुसफुसाहट भी हो रही है। कुछ का कहना है कि पराक्रम नहीं परिक्रमा का यह नतीजा है।

काशी क्षेत्र  की जिलाध्यक्षों की सूची
गाजीपुर रुद्रा पांडेय, वाराणसी महानगर अध्यक्ष कुसुम पटेल, वाराणसी जिला मीना तिवारी, चंदौली गीता रानी गुप्ता, मीरजापुर प्रेमशीला सिंह पिंकी,  सोनभद्र रंजना सिंह, जौनपुर मेनका सिंह, सुल्तानपुर बबीता अखिलेश तिवारी, भदोही  संगीता खन्ना, इलाहाबाद महानगर माया द्विवेदी, इलाहाबाद यमुनापार आकांक्षा सोनकर, इलाहाबाद गंगापार शौम्या मिश्रा, प्रातपगढ़ माधुरी सिंह, अमेठी आशा वाजपेयी और कौशाम्बी  जिलाध्यक्ष का पद मीना भदौरिया को दिया गया है।
'