Today Breaking News

गाजीपुर: मायावती को पता है कि अब सपा की हैसियत क्या रह गई हैःअमर सिंह

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर राज्यसभा सदस्य अमर सिंह भी सपा के खिलाफ बोलने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। लखनऊ में मीडिया से बातचीत में उन्होंने गठबंधन को लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती के आए बयान पर टिप्पणी देते हुए कहा कि सपा की असल हैसियत का अंदाजा मायावती को है। वह जानती हैं कि सपा की ताकत आधी भी नहीं रह गई है। ऐसे में वह सपा से उसकी मर्जी पर गठबंधन वह नहीं करेंगी।

अमर सिंह का कहना था कि शिवपाल यादव सपा से बाहर हो गए हैं। वह अपना एक अलग  मोर्चा बना चुके हैं। मुलायम सिंह यादव भी सपा में रहते हुए कुछ भी नहीं रह गए हैं। न वह प्रचार करने जाते हैं न सपा के पोस्टरों में उनका नाम-फोटो ही होता है। ऐसे में मयावती की नजर में सपा के लिए सम्मानजनक यही हो सकता है कि वह 10-15 सीट ले लो।

उधर सपा प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने कहा है कि सपा ने हर किसी को आदर दिया है। पार्टी का एक मात्र मकसद भाजपा को हराना है और इसे पूरा करने के लिए पार्टी यूपी में महागठबंधन करने जा रही है। महागठबंधन में सभी को सम्मानजनक सीटें दी जाएंगी। दूसरी ओर शिवपाल यादव की अगुवाई वाले समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के प्रवक्ता दीपक मिश्र का कहना है कि अमर सिंह एकदम सही कह रहे हैं। आज सपा की ताकत आधी भी नहीं रह गई है। सपा ने जहां पहले 37 सांसद संसद में भेजे थे। आज उतनी सीट पर उम्मीदवार खड़े करने के लाले पड़ गए हैं। रहा सवाल अमर सिंह का तो मोर्चे से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

'